23471 छात्रों ने किया था आवेदन, सत्यापन में 20 हजार की हुई संस्तुति 214 को ही किया वितरण
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। विधानसभा चुनाव के कारण छात्रों को मिलने वाले स्मार्ट फोन और टैबलेट वितरण अटक गया है। इस योजना के तहत 23 हजार 471 छात्रों ने स्मार्ट फोन व टैबलेट के लिए आवेदन किया था। इनमें से सत्यापन के बाद 20 हजार छात्र-छात्राओं को स्मार्ट फोन व टैबलेट देने की संस्तुति की गई थी। 25 दिसंबर को लखनऊ में कार्यक्रम आयोजित कर वितरण शुरू किया गया था। जिले के 20 हजार छात्रों में से 214 को ही स्मार्ट फोन व टैेबलेट का वितरण हो सका है।
तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार ने छात्रों को टैबलेट व स्मार्ट फोन वितरण की योजना शुरू की थी। इसके अंतर्गत जिले के उच्च शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले 23 हजार 471 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया था। इनमें से सत्यापन के दौरान तीन हजार चार सौ 51 आवेदन निरस्त कर दिए गए थे। 20 हजार को टैबलेट व स्मार्ट फोन देने की संस्तुति की गई थी। 25 दिसंबर को लखनऊ में छात्रों को टैबलेट वितरण किया गया था। विधानसभा चुनाव कार्यक्रम जारी होने से छात्रों को मिलने वाले टैबलेट व स्मार्ट फोन वितरण का कार्य अटक गया। लखनऊ में हुए कार्यक्रम में 214 छात्रों को ही योजना का लाभ मिला। जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि शासन से जो भी निर्देश मिलेंगे, उनके अनुसार टैबलेट व स्मार्ट फोन का वितरण किया जाएगा।