बड़ौत (बागपत)। मदर टेरेसा स्कूल में चल रही सीबीएसई क्लस्टर बालक एथलेटिक्स प्रतियोगिता के तीसरे दिन बुधवार को 3000 मीटर, लंबी कूद और 400 मीटर दौड़ के फाइनल मुकाबले हुए।
प्रतियोगिता में अंडर-17 के 3000 मीटर में रिषभ चौहान रुद्र इंटरनेशनल स्कूल हल्द्वानी प्रथम, तुषार शर्मा डीएम पब्लिक स्कूल मेरठ द्वितीय और आदर्श पटवाल रेनबो पब्लिक स्कूल आगरा तृतीय रहे। अंडर-19 लंबी कूद में सुखवीर सिंह एसजी पब्लिक स्कूल गाजियाबाद प्रथम, शिव प्रताप डीएवी स्कूल गाजियाबाद द्वितीय और आरव साहू डीपीएस स्कूल नोएडा तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-19 के 400 मीटर में यश निवासी देववन पब्लिक स्कूल मेरठ प्रथम, रवि गुप्ता सेंट जेवियर्स स्कूल नोएडा द्वितीय और प्रिंस चौधरी ब्रिलियंट स्कूल अलीगढ़ तृतीय रहे। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, तमिलनाडु सहित विभिन्न राज्यों के 50 से अधिक स्कूलों की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता 14 अगस्त तक चलेगी। इस दौरान उदय वीर सिंह मलिक, सीबीएसई पर्यवेक्षक विपिन चंद्र सिंह, तकनीकी प्रतिनिधि डॉ. सुभाष भाकुनी, स्कूल संचालिका सविता राणा, प्रबंधक रूपेश राणा, प्रधानाचार्य नरगिस व दिग्विजय मौजूद रहे।