बिनौली। दादरी गांव के खेल मैदान में मंगलवार को प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों की ब्लॉक स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता कराई गई। इसमें न्याय पंचायत स्तर पर गांगनौली की टीम चैंपियन बनी। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ प्राथमिक शिक्षक संघ ब्लॉक बिनौली के अध्यक्ष मास्टर विवेक राणा ने फीता फीता काटकर किया। प्राथमिक वर्ग की 50 मीटर दौड़ बालक वर्ग में गांगनौली के राकिब प्रथम, बालिका वर्ग में हंसू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ बालक वर्ग में ईदरीशपुर के आदित्य प्रथम, बालिका में गांगनौली की इलमा प्रथम। 200 मीटर दौड़ बालक वर्ग में पट्टी बंजारन के शाहरुख प्रथम, बालिका वर्ग में गांगनौली की वंशिका प्रथम। 400 मीटर दौड़ बालक वर्ग में ईदरीशपुर के प्रिंस प्रथम, बालिका वर्ग में चित्तमखेड़ी की रहनुमा प्रथम।
कबड्डी में गांगनौली की टीम प्रथम, बिजवाड़ा की टीम द्वितीय व खो-खो बालक वर्ग में कंपोजिट विद्यालय कनवाड़ा की टीम ने गांगनौली की टीम को 15-10 से हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में गांगनौली की टीम ने कंपोजिट कनवाड़ा की टीम को 15-12 से हराया। लंबी कूद बालक वर्ग में विहान और वंशिका प्रथम, जूनियर बालक 100 मीटर दौड़ में तितरौदा के रमन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बालिका में आदमपुर की ज्योति प्रथम, 200 मीटर बालक दौड़ में सूजती के ऋतिक प्रथम, बालिका वर्ग में आदमपुर की जैनब ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर बालक दौड़ में आदमपुर के अरमान प्रथम, बालिका में परि प्रथम, 600 मीटर बालक दौड़ में गांगनौली के आरवेज प्रथम, बालिका में आदमपुर की कशिश प्रथम रही।
कबड्डी बालक वर्ग में बिजवाड़ा ने गांगनौली की टीम को 21-16 व गांगनौली की टीम ने दाहा को 21-14 से हराया। प्रतियोगिता के विजेताओं को खंड शिक्षा अधिकारी बिनौली निशा रानी, ब्लॉक मंत्री ममता चौहान व गुरुकुल के प्रबंधक मनीष आर्य ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में मास्टर वरुण कुमार, बिजेंद्र राणा, विरेंद्र मान, अमित कुमार, कमल, रोहित, विनीत और सुनील आदि उपस्थित रहे।