खेल सामग्री खरीदने के लिए नामित किए जाएंगे नोडल, समिति का होगा गठन
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। राजकीय विद्यालयों में खेलों को बढ़ाया देने के लिए प्रत्येक विद्यालय में 25 हजार रुपये से खेल सामग्री खरीदी जाएगी। खेल सामग्री के चयन और रखरखाव के लिए विद्यालय स्तर पर छह सदस्यीय कमेटी का गठन किया जाएगा। खेल सामग्री खरीदने में पारदर्शिता बरतने के लिए खरीद जेम पोर्टल से की जाएगी। खेलकूद सामग्री के स्टॉक, रखरखाव के अलावा सामग्री लेने और देने की जिम्मेदारी व्यायाम शिक्षक की होगी।
राजकीय विद्यालयों के बच्चों को उनकी रुचि के अनुसार खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए विद्यालय स्तर पर जगह के अनुसार खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कराकर बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए विद्यालयों का फिट इंडिया की वेबसाइट पर पंजीकरण कराया जाएगा। पंजीकरण के उपरांत विद्यालयों को ऑनलाइन प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। विद्यालयों में प्रतिदिन 40 मिनट खेलकूद, योगासन प्रतियोगिता आयोजित कराई जाएगी। जिला स्तर पर खेलकूद व शारीरिक गतिविधियों का निरीक्षण के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक नोडल होंगे।
छह सदसीय कमेटी का किया जाएगा गठन
खेल सामग्री की खरीद के लिए छह सदस्यीय समिति का गठन किया जाएगा। इसमें विद्यालय के प्रधानाचार्य अध्यक्ष और विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक, पंचायत या शहरी निकाय का सदस्य, एक अभिभावक, ग्राम शिक्षा समिति का सदस्य कमेटी में सदस्य होंगे और व्यायाम शिक्षक को सचिव नामित किया जाएगा। व्यायाम शिक्षक न होने पर खेलकूद में रुचि रखने वाले वरिष्ठ शिक्षक को सचिव नामित किया जाएगा।