- विशेष लोक अभियोजक के अधिवक्ता भाई और चचेरे भाई बाइक से पाबला से लौट रहे थे बुढेड़ा गांव
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। मीतली-बसौद गांव के बीच नहर के रास्ते पर विशेष लोक अभियोजक इंद्रपाल गुर्जर के छोटे भाई अधिवक्ता रविंद्र और उनके चचेरे भाई प्रवेश पर गोली चला दी गई। कमर में गोली लगने से प्रवेश घायल हो गए, जिनका जिला अस्पताल में उपचार कराया गया, जहां से मेरठ रेफर कर दिया गया।
बुढेड़ा गांव निवासी विशेष लोक अभियोजक इंद्रपाल गुर्जर के बेटे की शादी पर भात नाैतने की रस्म को लेकर परिवार वाले शनिवार को पाबला गांव आए थे। बताया कि रस्म पूरी होने के बाद परिवार वाले गाडि़यों से लौट गए, जबकि उनके छोटे भाई अधिवक्ता रविंद्र और चचेरे भाई प्रवेश शनिवार देर रात बाइक से वापस लौटने लगे। अधिवक्ता रविंद्र ने बताया कि मीतली-बसौद मार्ग पर मंदिर से आगे नहर के रास्ते पर पहुंचे तो पीछे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी और पीछे बैठे प्रवेश ने कमर में कुछ लगने के बारे में बताया। घटना का आभास होने पर उन्होंने बाइक दौड़ा दी और काफी दूर जाकर बाइक रोकने के बाद प्रवेश की कमर देखी तो गोली लगी मिली। इसकी सूचना पुलिस को फोन कर दी गई। इसके बाद घायल प्रवेश को एंबुलेंस से अस्पताल ले गए, वहां से मेरठ रेफर कर दिया गया। घटना का पता चलने पर एएसपी प्रवीण कुमार चौहान ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। इस मामले में एसपी सूरज कुमार राय का कहना है कि घटना की जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।