बागपत। शहर की एक सपा नेत्री से इलाज कराने के नाम पर एक युवक ने 40 हजार रुपये ठग लिए। शिकायत करने पर पहले पुलिस ने आरोपी को पकड़ा। बाद में उसे छोड़ दिया। इस पर सपा नेत्री भड़क गई। उसने कोतवाली में जमकर हंगामा किया।
शहर के मुगलपुरा मोहल्ला निवासी समीना चौधरी का कहना है कि उनके पति शौकीन करीब छह माह पूर्व सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। सीएचसी के चिकित्सकों ने उनको मेरठ के लिए रेफर कर दिया था। अस्पताल से निकलते समय शहर के ही एक युवक ने इलाज कराने का भरोसा दिया। आरोप है कि युवक उनको बहालगढ़ ले गया। आरोपी ने आपरेशन कराने के नाम पर 40 हजार रुपये ले लिए। आरोप है कि आरोपी ने उनके पति का पैर ओर भी खराब करा दिया है।
आरोप है आरोपी बहालगढ़ के डॉक्टर का एजेंट है। वह खुद भी इलाज करता है। मांग करने के बाद भी रुपये नहीं दे रहा है। इससे वे परेशान हैं। पुलिस से शिकायत की। पुलिस आरोपी को पकड़कर कोतवाली भी ले आई थी।
आरोप है कि पुलिस वालों ने उसे छोड़ दिया। इसके विरोध में उसने काफी हंगामा किया। केस की जांच कर रहे एसआई बाजी लाल भास्कर ने कहा पुलिस ने किसी को नहीं छोड़ा है। मामले की गंभीरता से जांच चल रही है।