सड़क दुघर्टना के बाद क्षतिग्रस्त बोलेरो।
- फोटो : अमर उजाला
बागपत के बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर बिजरौल गांव के पास हादसे में मारे गए तीन युवक सोनीपत के जटवाड़ा मोहल्ले के रहने वाले थे। तीनों सब्जी के कारोबारी थे और स्कॉर्पियो में सवार होकर दोस्तों के साथ हिमाचल के सोलन में टमाटर के व्यापार की बातचीत करने गए थे। सोलन से हरिद्वार पहुंचे और यहां से गंगा स्नान कर घर लौट रहे थे, लेकिन बिजरौल के निकट मौत ने झपट्टा मार दिया।
सोनीपत नगर पालिका के वार्ड नंबर एक (जटवाड़ा) के सभासद जय कुमार का भतीजा सोनू (28) और उसके दोस्त कर्मवीर (38) और जितेंद्र (40) सब्जी का व्यापार करते थे। जितेंद्र के दोस्त प्रवीण ने बताया तीनों अपने दोस्त अधिवक्ता मयंक (28), ज्ञानेंद्र (30) और पारिक (25) के साथ स्कॉर्पियो में सवार होकर शुक्रवार शाम हिमाचल के सोलन में टमाटर के व्यापार संबंध बातचीत करने गए थे। वहां से हरिद्वार में स्नान करके लौटते समय रविवार की रात में बिजरौल गांव के पास उनकी गाड़ी को कैंटर ने टक्कर मार दी। इससे स्कॉर्पियो में सवार सोनू, कर्मवीर और जितेंद्र की मौत हो गई। उनके तीनों साथी गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों का दिल्ली के एक प्राइवेट अस्पताल में उपचार चल रहा है। ये लोग हरिद्वार के लिए घर पर नहीं बोलकर गए थे। परिजनों का कहना है कि सभी दोस्तों पर एक साथ काल बनकर टूटा है।
दो घंटे में आई मौत की खबर
बागपत। मृतक व्यापारी जितेंद्र के भाई नीरज ने बताया उसने अपने भाई के पास रविवार की रात में नौ बजे फोन किया था। उस समय जितेंद्र ने खुद को करनाल बताते हुए कहा था कि वह दो घंटे बाद घर पहुंच जाएगा, लेकिन बाद में उन्हें उसकी मौत की खबर मिली।
गम में डूबा जटवाड़ा
बागपत। हादसे में मारे गए तीन दोस्तों से सोनीपत का जटवाड़ा शोक में डूबा हुआ है। मृतकों के परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है। सैकड़ों की संख्या में हरियाणा के लोग बागपत जिला अस्पताल पहुंचे। मृतकों के परिजनों का कहना है कि हादसे में घायल तीनों युवकों की हालत कभी गंभीर बनी हुई है। उनका दिल्ली के एक प्राइवेट अस्पताल में उपचार चल रहा है।