- डीडीओ ने तीन दिन में ब्राह्मण पुट्ठी के 17 पेंशनधारकों की समस्या का निस्तारण करने को पत्र जारी किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। समाज कल्याण अधिकारी पर पेंशन धारकों ने अभद्रता करने का आरोप लगाया गया है। इस पर डीडीओ ने उनका जवाब तलब करते हुए अपने व्यवहार में सुधार लाने, गंभीरता से पेंशन धारकों की समस्या का निस्तारण करने का आदेश दिया। इसके साथ ही तीन दिन में मामले में स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही शिकायत करने वाले ब्राह्मण पुट्ठी के 17 लाभार्थियों की समस्या का निस्तारण करने को कहा है।
विकास भवन में पेंशनधारकों के लिए लगे कैंप में ब्राह्मण पुट्ठी गांव के प्रधान राजीव व 17 लाभार्थियों ने समाज कल्याण अधिकारी पर समस्या का समाधान न करने और सही व्यवहार नहीं करने का आरोप लगाया था। इसके बाद कई लोगों के बयान लिए गए थे। सभी ने समाज कल्याण अधिकारी का व्यवहार सही नहीं होने की बात कही थी। इस मामले में सीडीओ के आदेश पर डीडीओ हरेंद्र सिंह ने समाज कल्याण अधिकारी रश्मि यादव को नोटिस भेजा है। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों के प्रति उनका व्यवहार लगातार खराब होता जा रहा है। ब्राह्मण पुट्ठी गांव के 17 लाभार्थियों की पेंशन संबंधित समस्या का निस्तारण तक नहीं हो सका और वह कई साल से यहां चक्कर काट रहे हैं।
डीडीओ ने समाज कल्याण अधिकारी को अपने व्यवहार में सुधार लाने और ब्राह्मण पुट्ठी के लाभार्थियों की समस्या का निस्तारण कर तीन दिन में अपनी रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
वर्जन
ब्राह्मण पुट्ठी के प्रधान ने मेरे साथ अभद्रता की थी। सभी लाभार्थियों की समस्या का निस्तारण कर दिया जाएगा और डीडीओ को इसका जवाब भेजा जाएगा। -रश्मि यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी