रामबाग कॉलोनी में रविवार को दोपहर के समय सांप-नेवला की जमकर लड़ाई हुई। इस दौरान दोनों कई घरों में घुसे। इससे संबंधित परिवारों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी, लेकिन कोई नहीं पहुंचा।
बाद में कुछ लोगों ने लाठियां फटकार कर नेवले को वहां से खदेड़ा और सांप को पकड़कर मीरापुर रजवाहे में छोड़ा। तब कॉलोनी के लोगों ने राहत की सांस ली।
रविवार को दोपहर करीबन डेढ़ बजे रामबाग कॉलोनी में कहीं से एक लंबा कोबरा सांप और नेवला आ पहुंचा और दोनों में संघर्ष शुरू हो गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे शिक्षक नेता अजय राज शर्मा की नजर उन पर पड़ी तो उन्होंने कॉलोनी वासियों को फोन करके सूचना दी। सूचना पर काफी संख्या मेें लोग सांप और नेवले की लड़ाई देखने के लिए एकत्र हो गए।
इस दौरान सांप और नेवला कॉलोनी में ही रहने वाली गीता, नरेंद्र समेत अन्य लोगों के मकानों में घुस गए। इससे संबंधित परिवार के लोगों मेें अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोग तो डर के मारे घर से बाहर निकल आए। इस दौरान कुछ लोगों ने इसकी सूचना वन कर्मियों को फोन करके दी।
कॉलोनी के लोगों ने कहा सूचना देने के बाद भी वन विभाग का कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। लोगों के अनुसार सांप और नेवले की लड़ाई एक डेढ़ घंटा चली।
बाद मेें किसी तरह लोगों ने लाठियां फटकार करके नेवले को वहां से खदेड़ा और सांप को पकड़कर मीरापुर रजवाहे में छोड़ा। वन दरोगा रविकांत चौधरी ने कहा लड़ाई के दौरान सांप और नेवला किसी को नुकसान नहीं पहुंचा, छेड़ने पर ही काटते हैं। वन कर्मियों को वहां पर भेजा था।