लूट के खुलासे की मांग को लेकर थाने पर हंगामा करते लोग।
- फोटो : amar ujala
बागपत के छपरौली में बुधवार को कसबे के पशु व्यापारी से लूट का प्रयास करने वाले बाइक सवार चार बदमाशों में से एक को लोगों ने दबोचा और जमकर धुनाई कर पुलिस को सौंपा। जबकि उसके तीन साथ भागने में सफल रहे। लूट के खुलासे की मांग को लेकर लोगों ने बुधवार को शाम के समय थाने में जमकर हंगामा किया। पुलिस ने कहा पकड़े बदमाश से पूछताछ की जा रही है। शीघ्र लूट करने वाले गैंग का खुलासा होगा। इसके बाद लोग शांत पड़े।
कसबे का गुलाब पुत्र मीनू पशु व्यापारी हैं। वह बुधवार की दोपहर के समय हरियाणा के हथवाला पशु खरीदने के लिए अपनी बाइक से जा रहे थे तो जैसे ही वह छपरौली से खादर की ओर गए तो दो बाइक पर पहुंचे चार नकाबपोश बदमाशों ने उसे घेर लिया तो उसने फोन पर घटना की जानकारी कस्बावासियों को दे दी तो तत्काल कई लोग मौके पर पहुंचे।
लोगों को अपनी तरफ आते देखकर तीन बदमाश मौका पाकर भागने में सफल रहे, जबकि लोगों ने बाइक समेत एक बदमाश को दबोचा और जमकर धुनाई कर पुलिस को सौंपा। शाम के समय सैकड़ों कस्बावासी थाने में पहुंचे और पुलिस के खिलाफ हंगामा किया।उन्होंने कहा इससे पहले दो बार इसी स्थान पर बदमाशों ने लूट को अंजाम दिया, लेकिन अभी तक किसी भी घटना का खुलासा नहीं किया, अगर खुलासा हो जाता तो आज घटना दोबारा न होती।
थाना प्रभारी ने बताया पकड़ा गया बदमाश कसबे का ही है। थाना प्रभारी ने बताया आरोपी युवक से पूछताछ की जा रही है। बदमाश से बरामद बाइक की छानबीन चल रही है। उन्होंने शीघ्र की केस का खुलासा किया जाएगा। इस आश्वासन के बाद नाराज लोग पड़े।