बागपत के बड़ौत में बुढपुर-माजरा गांव में अवैध लाइन खींचने का प्रकरण तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को देर शाम ठेकेदार के स्टाफ ने सैकड़ों बीघा फसल नष्ट कर जबरन अवैध लाइन खींचने का प्रयास किया। किसानों ने कहाइस दौरान कुछ लोगों ने उन पर हवाई फायर किया। बाद में किसानों ने ठेकेदार के स्टाफ को बंधक बनाकर काम रोक दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ठेकेदार के स्टाफ छुड़ाया।
विगत एक सप्ताह से बुढपुर-माजरा गांव के जंगल में ठेकेदार द्वारा खींची जा रही अवैध लाइन के विरोध में किसान आंदोलित है। किसान समस्या के निस्तारण के लिए तहसील में धरना देकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपने के अलावा विद्युत अधिकारियों का भी घेराव कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। किसान अमित तोमर, संहसर पाल, राज कुमार, बादल ने बताया मंगलवार को शाम के समय एक बार फिर ठेकेदार के कर्मचारियों ने सैकड़ों बीघा फसल नष्ट कर वहां पर जबरन अवैध लाइन खींचने का प्रयास किया।
किसानों ने विरोध किया तो कर्मचारियों के साथ आए कुछ लोगों ने हवाई फायर कर किसानों को डराने का भी प्रयास किया। सूचना पर सैकड़ों लोग लाठी-डंडे लेकर जंगल में पहुंचे और कर्मचारियों को बंधक बना लिया, जबकि अन्य लोग वहां से ग्रामीणों को चकमा देकर भाग गए।सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और नाराज ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कर कर्मचारियों को बंधन मुक्त कराया। ग्रामीणों ने कहा यदि यहां से अवैध लाइन खींची तो खून-खराबा होगा।
इस संबंध मे ठेकेदार राजपाल ने कहा ग्रामीणों ने कर्मचारियों को बंधक बनाकर काम रोक दिया। हवाई फायर का आरोप निराधार है। एक्सईएन प्रथम केसी गौतम ने कहा मामले की जांच कर कार्रवाई होगी। एसडीएम यशवर्धन श्रीवास्तव ने कहा शिकायत मिली है। शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा।
उधर, एक्सईएन प्रथम केसी गौतम ने कोताना रोड पर स्थित कार्यालय में बैठक कर एसडीओ और जेई को निर्देश दिए यदि कोई ठेकेदार कार्यों में लापरवाही बरता है तो उनके खिलाफ कार्रवाई कराएं।
ठेकेदार गुरूचरण रूहेला के मामले में उन्होंने एसई राजेंद्र सिंह समेत अन्य अधिकारियों को पत्र लिखकर अवगत कराया की उक्त ठेकेदार अनावश्यक रूप से दबाव बनाने का प्रयास कर रहा है। उक्त ठेकेदार के खिलाफ पूर्व एक्सईएन किताब सिंह ने बड़ौत कोतवाली में कार्यालय में सल्फास खाने के प्रयास में रिपोर्ट भी दर्ज कराई है।