खेकड़ा और फखरपुर में बुखार से छह मौत
खेकड़ा। खेकड़ा नगर और क्षेत्र के गांव फखरपुर में पिछले 24 घंटे में बुखार से पांच महिलाओं सहित छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों के परिजनों ने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को सूचना दिए बगैर अंतिम संस्कार कर दिया। कोई जांच भी नहीं कराई।
सोमवार को खेकड़ा में तीन महिलाओं की बुखार से मौत हो गई। तीनों को पिछले तीन-चार दिनों से बुखार था। परिजन इनका नगर में ही प्राइवेट चिकित्सकों के यहां उपचार करा रहे थे। इनमें मोहल्ला अहिरान निवासी 80 वर्षीय रामकली पत्नी बलबीर और इसी मोहल्ले की 75 वर्षीय रामबीरी पत्नी जयकिशन और मोहल्ला गिरधरपुर निवासी ओमदत की 70 वर्षीय पत्नी सावित्री शामिल हैं।
वहीं, गांव फखरपुर में 66 वर्षीय दयाचंद, विजयपाल की 68 वर्षीय पत्नी अतलो और निर्भय की 65 वर्षीय पत्नी सुमन की मौत हुई। ये सभी एक सप्ताह से बुखार से ग्रसित थे। परिजन गांव में ही प्राइवेट चिकित्सकों से उपचार करा रहे थे। परिजनों ने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को सूचना दिए बिना और जांच कराए बगैर अंतिम संस्कार कर दिया। कोविड अस्पताल के प्रभारी डॉ. ताहिर का कहना है कि मौत होने की उन्हें जानकारी नहीं है। वह मामले की जानकारी कराएंगे।