बड़ौत। लोयन गांव में खेत में काम कर रहे किसानों पर हमला किए जाने के मामले में पुलिस ने रविवार को छह हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि ट्रक पर दौड़ने को लेकर युवकों के बीच कहासुनी हुई थी। जिसके बाद मामला ज्यादा बढ़ गया था। पुलिस अन्य हमलावरों की तलाश में जुटी है।
कुछ दिन पूर्व लोयन गांव के अंकुर और अक्षय की ट्रक पर दौड़ने को लेकर मलकपुर गांव के कुछ युवकों से कहासुनी हो गई थी। कोतवाल अजय शर्मा के मुताबिक शनिवार शाम सत्यवीर पुत्र छोटे निवासी लोयन अपने परिवार के साथ खेत में काम कर रहा था, तभी कुछ बाइक सवार युवक खेत मेें पहुंच गए और उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस दौरान फायरिंग भी हुई। घटना के दौरान मौके पर पहुंचे ग्रामीणों को देखकर हमलावर बाइक छोड़कर फरार हो गए थे। आक्रोशित भीड़ ने छह बाइकों में आग लगा दी थी। इस मामले में सत्यवीर ने 12 लोगों के नामदज और 15 लोगों के खिलाफ अज्ञात में मामला दर्ज कराया था। शनिवार रात कोतवाली पुलिस ने दबिश देकर छह युवकों को हिरासत में ले लिया। जिनसे पूछताछ की जा रही है। कोतवाल अजय शर्मा ने बताया कि दोनों गांवों में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।