बड़ौत। आरिफपुर खेड़ी गांव के ग्रामीणों ने सोमवार को तहसील में हंगामा कर प्रदर्शन किया और एसडीएम को ज्ञापन देकर गांव में हुए विकास कार्यों का भुगतान रोकने पर आक्रोश जताया और जल्द कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
सोमवार को ग्राम प्रधान राजीव तोमर के नेतृत्व में काफी संख्या में ग्रामीण तहसील पर पहुंचे और हंगामा किया। ग्राम प्रधान ने बताया कि सभी ग्राम पंचायत सदस्यों की सहमति से गांव में सामुदायिक शौचालय व तालाब का निर्माण कराया है, लेकिन अधिकारी कुछ नेताओं के प्रभाव के चलते किए विकास कार्यों का भुगतान नहीं कर रहे हैं। कराएं गए विकास कार्यों का भुगतान रोके जाने पर मुझे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने जल्द मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। एसडीएम दुर्गेश मिश्र ने बीडीओ से वार्ता कर समस्या का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया। इनमें सुधीर, अनिल, देवेंद्र, जयवीर, प्रमोद, संजीव, अनिता, सुनीता, मोनिका, राजकली आदि शामिल रही।