बागपत। कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन से निपटने को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। विदेशों से लौटने वाले लोगों की निगरानी के साथ ही जिले में एक बार फिर फोकस जांच अभियान शुरू किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें फोकस अभियान अंतर्गत मंगलवार से कोरोना की जांच शुरू करेगी।
सीएमओ डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने ओमिक्रॉन वेरियंट को लेकर गाइड लाइन जारी कर दी है। विदेशों से आने वाले लोगों की निगरानी के लिए सर्विलांस टीम को एक्टिव कर दिया है। उन्होंने बताया कि शासन ने संक्रमण से निपटने के लिए जिले में फोकस जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। फोकस जांच अभियान अंतर्गत सरकारी व गैर सरकारी अस्पताल, लैब, वाहन एजेंसी, सरकारी कार्यालय, गैर सरकारी कार्यालय, रोडवेज के चालक और परिचालक, कार चालक, रिक्शा चालक, दुकानदार, बैंड-बाजे वाले, कैटरिंग का कार्य करने वालों की सैंपलिंग कराई जाएगी। जिले में मंगलवार से फोकस अभियान शुरू करने की कार्ययोजना तैयार कर ली है। स्वास्थ्य विभाग की टीम कार्ययोजना के आधार पर लोगों की कोरोना की जांच करेगी। सभी सीएचसी अधीक्षकों व स्वास्थ्यकर्मियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।