दोघट में चाइनिज मांझे की दुकान पर छापामार कार्रवाई करती नगर पंचायत के कर्मचारी
- फोटो : BAGHPAT
चाइनीज मांझे की बिक्री रोकने को दुकानों पर छापामारी
दोघट। कस्बे में चाइनीज मांझे की चपेट आकर सात वर्षीय बच्चे के घायल होने के बाद नगर पंचायतकर्मी हरकत में आए। मंगलवार को नगर पंचायत कर्मचारियों ने पुलिस के साथ बाजार में चाइनीज मांझे को लेकर छापेमारी की। लेकिन इससे पहले ही छापे की भनक लगने पर दुकानदार दुकानें बंद करके चले गए।
बता दें कि दोघट कस्बे में सोमवार को स्कूल से लौटते समय सात वर्षीय चाहत पुत्र सनव्वर चाइनीज मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। मंगलवार उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री होने की जानकारी मिलते ही एसडीएम बड़ौत गुलशन कुमार ने पुलिस व नगर पंचायत के कर्मचरियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मंगलवार को नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक विनोद कुमार, दीपक सौलंकी, सिंटू ने पुलिस के साथ कस्बे में दुकानों पर छापेमारी की, लेकिन अधिकांश दुकानदार अपनी दुकान बंद कर चले गए। जो दुकानें खुली मिलीं, वहां मांझा नहीं मिला। एसओ रमेश सिंह सिधू ने बताया कि यदि किसी भी दुकान पर प्रतिबंधित मांझा मिला तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।