समायोजन बहाल करने की मांग को लेकर शिक्षामित्रों का कलक्ट्रेट में प्रदर्शन जारी रहा। शिक्षामित्रों ने कलक्ट्रेट के सामने मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह को ज्ञापन देकर समस्या के समाधान की मांग की।
उन्होंने जल्द ही समस्या का निस्तारण कराने का भरोसा दिया। उधर, सोमवार को शिक्षा मित्र दिल्ली जंतर-मंतर पर धरना देंगे। उधर, शिक्षामित्रों के धरने पर पहुंचकर रालोद जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रदीप सिंह ने समर्थन दिया। समायोजन निरस्त होने पर शिक्षामित्रों का प्रदेशव्यापी आंदोलन चल रहा है। कलक्ट्रेट में जनपद के शिक्षामित्रों ने चौथे दिन रविवार को भी धरना प्रदर्शन किया।
उन्होंने हाईवे से गुजर रहे मंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। कहा वे भूखमरी के कगार पर पहुंच गए है। उन्होंने समस्या का समाधान कराने और पुलिस द्वारा दर्ज मुकदमा खत्म कराने की मांग की ।
मंत्री ने आश्वासन दिया कि इस समस्या से संबंधित मंत्रियों को अवगत कराया जाएगा, ताकि जल्द से जल्द इसका निस्तारण हो सके। शिक्षा मित्र संघ के जिलाध्यक्ष राजेश पंवार ने कहा संगठन का आंदोलन जारी है। सोमवार (आज) सभी शिक्षा मित्र दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना देंगे।
इस मौके पर जिला महा संरक्षक बिजेंद्र भाटी, जिला उपाध्यक्ष कुशलता चौहान, महामंत्री भरत सिंह, बागपत ब्लाक अध्यक्ष राजेश कुमार, धीरज, सचिन शर्मा, राजीव शर्मा, बबीता, सुमन आदि मौजूद रही। रालोद जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रदीप सिंह ने शिक्षामित्रों को संबोधित कर कहा मुकदमों से घबराने की जरूरत नहीं है।
मंत्री से मुलाकात तक पुलिस रही अलर्ट
शिक्षा मित्रों ने दो दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के पुतले की शव यात्रा निकालकर जलाने का प्रयास किया था। इसको लेकर उनकी पुलिस से हाथापाई हुई । पुलिस ने मारपीट और वर्दी फाड़ने का आरोप लगाकर 97 शिक्षामित्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया । शिक्षा मित्र दोबारा हंगामा न कर दें, इसको लेकर पुलिस और खुफिया तंत्र अलर्ट रहा। वहां पर भारी संख्या मंे पुलिस बल और पीएसी तैनात रही। ब्यूरो