दस बजे से खुलेंगी कृषि यंत्र और कीटनाशकों की दुकानें
बागपत। अनलॉक-1 के लिए प्रशासन ने पहले बाजार का शेड्यूल जारी किया है। डीएम शकुंतला गौतम ने कहा कि दुकानदारों और व्यापारियों को कोरोना संक्रमण से बचाव में नियमों का पालन करते हुए सहयोग करना होगा। कीटनाशकों और कृषि यंत्रों की दुकानें सुबह दस से शाम पांच बजे तक खुलेंगी। मेडिकल स्टोर सुबह नौ से रात आठ बजे तक खोले जाएंगे। ब्रेड और दूध की दुकानें सुबह आठ से रात आठ बजे तक खुलेंगी। थोक फल और सब्जी मंडी सुबह चार से सात बजे तक ही खुल सकेगी। रिटेल सब्जी और फल की बिक्री सुबह छह से नौ बजे तक तक होगी।
सोमवार, बुधवार और शुक्रवार
- रेडीमेड गारमेंटस, वस्त्रालय एवं साड़ी, टेलरिंग शॉप, गिफ्ट स्टोर, बच्चों के खिलौने, घड़ियों की दुकानें, पर्स बैग, ट्रॉली बैग, ज्वैलरी शॉप, कॉस्मैटिक शॉप, चूड़ी की दुकानें, जूते-चप्पल की दुकान, फोटो स्टूडियो, बर्तन व साड़ी दुपट्टा, रंगाई की दुकानें, ड्राइक्लीनर्स, फर्नीचर की दुकानें, टीवी, फ्रिज, कूलर, एसी, इलेक्ट्रॉनिक आइटम एवं रिपेयरिंग की दुकानें, चश्मे एवं मुहर की दुकानें खुलेंगी।
मंगलवार, गुरुवार और शनिवार
कंप्यूटर, मोबाइल शोरूम एवं रिपेयरिंग, बिल्डिंग मैटेरियल, सीमेंट, बालू, मोरंग, सरिया, लोहे की दुकानें, हार्डवेयर, पेंट, सेनेटरी आइटम की दुकानें, पलंबर, मशीनरी, ट्रांसपोर्ट और ट्रेवल एजेंसी के ऑफिस, बुक स्टेशनरी, स्कूल बैग, स्कूल यूनिफार्म की दुकान, प्रिंटिंग प्रेस, फ्लैक्स प्रिंटिंग, साइकिल की दुकान, ऑटोमोबाइल, ऑटोपार्ट्स, लकड़ी मंडी की दुकानें खुलेंगी।
इस तरह खुलेंगी मंडियां
बागपत। अनाज मंडी, गुड़ मंडी, फल मंडी की दुकानें सोमवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को खुलेंगी। मंगलवार और रविवार को बंद रहेंगी। मंडियों के समय में परिवर्तन करते हुए इन्हें अब सुबह दस से शाम छह बजे तक खोला जाएगा।
सुबह नौ से शाम साढ़े तक खुलेंगे ब्यूटी पार्लर
बागपत। थोक फुटकर किराना स्टोर, जनरल स्टोर, आटा चक्की, वाटर कैंपर, जूता चप्पल रिपेयरिंग शॉप, मिठाई की दुकानों पर सिर्फ बिक्री, गाड़ियों के सर्विस सेंटर वर्कशॉप, पंक्चर वाहन रिपेयरिंग, सैलून और ब्यूटी पार्लर सुबह नौ से शाम साढ़े तक खोले जाएंगे।
दोपहर दो बजे खुलेंगी नमकीन/बेकरी की दुकानें
बागपत। डीएम शकुंतला गौतम ने बताया कि दोपहर दो बजे से शाम आठ बजे तक बेकरी और नमकीन की दुकानें खुलेंगी। ड्राई फ्रूट, अंडा, मीट की दुकानें, आवश्यक वस्तु सेवाओं से संबंधित, कॉमर्शियल वाहनों के ड्राइवर के लिए हाईवे पर ढाबा इस समय में खोला जाएगा।
रात आठ बजे तक खुलेंगी यह दुकानें
बागपत। मेडिकल स्टोर, आयुष स्टोर, जन ओषधि केंद्र की दुकानें सुबह नौ से रात आठ बजे तक खोली जाएंगी।
बुजुर्ग और बच्चों को रखें बाजार से दूर
बागपत। दस साल से कम उम्र के बच्चे और 65 साल से अधिक की उम्र के लोगों को बाजार न भेजें। इन पर संक्रमण का खतरा अधिक रहता है। बीमार भी बाजार जाने से बचें।
मास्क नहीं लगाया तो नहीं मिलेगा सामान
बागपत। बाजार खुलने के दौरान व्यापारियों को मास्क की अनिवार्यता रखनी होगी। इसके अलावा सैनिटाइजर रखने के साथ सोशल डिस्टेंश का पालन करना होगा। पुलिस और प्रशासन की टीम घूमकर बाजार का भ्रमण करने का कार्य करेगी। दुकानदार गमछा, तौलिया, रुमाल, दुपट्टा, फेस कवर और गलब्स का इस्तेमाल करेंगे।
साप्ताहिक बंदी रहेगी लागू
बागपत। शहरी क्षेत्र के बाजार में जिस दिन साप्ताहिक बंदी निर्धारित है, उसी दिन बंदी रहेगी। शहरी क्षेत्र में साप्ताहिक बंदी के दिन दुकानें नहीं खुलेंगी।