-दिल्ली-सहारनपुर रेलवे मार्ग पर हरचंदपुर रेलवे हाल्ट के पास ट्रेन के आगे कूदे
-बेटे का आरोप, पड़ोसियों के रैंप तुड़वाने से परेशान होकर की पिता ने आत्महत्या
फोटो 10
संवाद न्यूज एजेंसी
अग्रवाल मंडी टटीरी(बागपत)। सूरजपुर महनवा गांव निवासी संजय शर्मा (50) ने बेटे की शादी से 17 दिन पहले हरचंदपुर रेलवे हाल्ट के पास ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। वहां आए पुलिसकर्मियों ने शव कब्जे में लेकर घटना की जांच की।
सूरजपुर महनवा गांव निवासी संजय शर्मा खेकड़ा में चारपाई, तसले आदि सामान बेचने की दुकान करते थे। उनके दूसरे नंबर के बेटे सुमित शर्मा की 15 फरवरी को शादी होनी तय हुई थी। गुरुग्राम की कंपनी में इंजीनियर सुमित शर्मा ने बताया कि शादी को लेकर परिवार वाले तैयारी में जुटे हुए थे और मकान में निर्माण कार्य भी कराया गया। मकान में गाड़ी ले जाने के लिए रैंप का निर्माण कराया तो एक पड़ोसी ने शिकायत कर दी। इसके बाद गांव के कुछ लोगों ने मिलकर रैंप तुड़वा दिया।
इसको लेकर पिछले कई दिन से विवाद चल रहा था, जिससे उसके पिता संजय काफी परेशान थे। बुधवार सुबह करीब छह बजे उसके पिता घर से प्रधान के यहां जाने की बात कहकर गए। इसके बाद करीब नौ बजे उसके पिता के हरचंदपुर रेलवे हाल्ट के पास शामली से दिल्ली जाने वाली ट्रेन से कटकर मौत होने के बारे में पता चला। उन्होंने पड़ोसी और अन्य लोगों पर पिता को परेशान करने का आरोप लगाया। इसमें जांच अधिकारी रामकुमार कुंतल का कहना है कि शिकायत मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।