बागपत। कोरोना संक्रमण का दायरा और अधिक बढ़ गया है। खेकड़ा क्षेत्र के सुभानपुर और मवी कलां गांव में दो-दो-दो कोरोना संक्रमित मिलने से दोनों गांव कंटेनमेंट जोन में शामिल किए गए हैं। बड़ौत में दो और खिंदौड़ा में एक संक्रमित मिला है। जिले में अब संक्रमितों का आंकड़ा 185 पर पहुंच गया है।
सीएमओ डॉ आरके टंडन ने बताया कि रैंडम टेस्ट के दौरान मवी कलां और सुभानपुर में सैंपल लिए गए थे। शुक्रवार को मिली जांच रिपोर्ट में दोनों गांव में दो-दो पॉजिटिव केस आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने दोनों गांव में सर्वे शुरू कर दिया है। गांव को सैनिटाइज कराया जा रहा है। पॉजिटिव मिले लोगों के संपर्क में रहे अन्य लोगों को सैंपल कराए जाएंगे। खिंदौड़ा में पहले पॉजिटिव मिले व्यक्ति के संपर्क में रहा एक संक्रमित केस मिला है। इसके अलावा बड़ौत में दो पॉजिटिव केस मिलने के बाद एहतियात बढ़ाई गई है। डीएम शकुंतला गौतम ने सीएमओ की संस्तुति के बाद मवी कलां और सुभानपुर को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है।
घर में रहेंगे कंटेनमेंट जोन के ग्रामीण
बागपत। डीएम शकुंतला गौतम ने बताया कि जो क्षेत्र कंटेनमेंट जोन में शामिल किया गया है, उस क्षेत्र के लोग घर में ही रहेंगे। डोर स्टेप डिलीवरी की व्यवस्था की जाएगी।