बिनौली (बागपत)। गुरुकुल इंटर नेशनल स्कूल जिवाना गुलियान में शनिवार को पुलिस के बेटी सुरक्षा अभियान के तहत विचार गोष्ठी हुई। इसमें छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि सीओ बागपत ओमपाल सिंह ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन तत्पर है। लड़कियां अपने आत्मबल, हिम्मत व हौसले से किसी भी कठिनाई का सामना कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं से अपनी आत्मरक्षा के लिए जूडो कराटे व मार्शल आर्ट का सामान्य प्रशिक्षण प्राप्त करने का आवाहन किया। बताया कि किसी भी छात्रा को कोई परेशानी हो तो हेल्प लाइन नंबरों पर सूचना दे सकती हैं। महिला एसआई सुमन ने छात्राओं को सुनसान रास्तों पर समूह में जाने की हिदायत दी। उन्होंने छात्राओं को सुरक्षा के उपाय भी बताए।
साइबर सेल ब्रांच के इंस्पेक्टर राजीव सक्सेना ने साइबर क्राइम, बैंक फ्राड, सोशल मीडिया संबंधित जानकारी दी। स्कूल प्रबंधन ने गोष्ठी में आए सभी पुलिस अधिकारियों को शॉल व शिष्टाचार पुस्तक देकर सम्मानित किया। गोष्ठी की अध्यक्षता प्रो. बलजीत सिंह आर्य, संचालन उपप्रधानाचार्य डॉ. सुशील वत्स, रविंद्र तोमर ने संयुक्त रूप से किया। गोष्ठी में इंस्पेक्टर रवेंद्र सिंह, एसएसआई मुनेंद्र पाल सिंह, एएसआई सुमन, राकेश यादव, प्रधानाचार्य डॉ. राजीव खोखर, निदेशक डॉ. अनिल आर्य, डॉ. सुनील आर्य, प्रदीप त्यागी, विजेता, सोनम सैनी आदि मौजूद रहे।