पत्नी से वीडियो कॉल पर की थी आखिरी बातचीत
परिजनों के अनुसार 15 जून की शाम दीपक ने अपनी पत्नी नीरज को वीडियो कॉल की थी। उन्होंने सड़क किनारे एक ढाबा और हाईवे दिखाते हुए कहा था कि वह जल्द घर लौट आएंगे। इसके बाद उनका फोन बंद हो गया। परिवार ने खरखौदा क्षेत्र तक पहुंचकर तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
निर्माणाधीन सीएनजी पंप के सामने मिली कार
मंगलवार देर रात रमाला थाना पुलिस को किशनपुर बराल गांव के पास निर्माणाधीन सीएनजी पंप के सामने एक संदिग्ध कार खड़ी होने की सूचना मिली। कार के दरवाजे बंद थे। पुलिस ने लॉक तोड़कर अंदर देखा तो चालक सीट पर दीपक कुमार मृत मिले। उनके चेहरे पर खून के निशान थे और सिर के पीछे चोट दिखाई दी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से नहीं खुला मौत का राज
पोस्टमार्टम में सिर के पीछे चोट, चेहरे पर मामूली जख्म और होंठ पर कट का निशान मिला है। हालांकि मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। चिकित्सकों ने विसरा सुरक्षित कर लिया है। अब प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यमुनानगर जाने के लिए निकले दीपक बागपत के इस इलाके तक कैसे पहुंचे। टोल प्लाजा और अन्य स्थानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही हैं। यह भी जांच का विषय है कि घटना के समय कार में दीपक अकेले थे या उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी मौजूद था।
मोबाइल चालू होते ही आया परिजनों का फोन
पुलिस ने जांच के दौरान दीपक का मोबाइल चालू किया तो उस पर परिजनों का फोन आ गया। कॉल रिसीव करने पर पुलिसकर्मियों ने खुद की पहचान बताते हुए दीपक की मौत की सूचना दी। इसके बाद परिवार के सदस्य बागपत पहुंचे।
हर पहलू से जांच जारी
क्षेत्राधिकारी अंशु जैन ने बताया कि कार में शव मिला था। सिर और चेहरे पर चोट के निशान हैं। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।