बड़ौत। विद्युत कर्मचारियों के उत्पीड़न के विरोध में शनिवार को विद्युत मजदूर पंचायत के पदाधिकारियों ने एसडीओ का घेराव किया। साथ ही समस्या का जल्द समाधान न होने पर अधीक्षण अभियंता व एमडी से शिकायत करने की चेतावनी दी।
विद्युत मजदूर पंचायत के जिलाध्यक्ष मनोहर सिंह तोमर और जनपदीय मंत्री सुरेंद्र तोमर के साथ पहुंचे कर्मचारियों ने एसडीओ गोपाल का घेराव किया। कहा कि कर्मचारियों का शोषण बिल्कुल भी सहन नहीं किया जाएगा। आपसी विवाद से विभागीय कार्यों को करने में दिक्कतें आती है, इसलिए कर्मचारियों से अच्छा व्यवहार करें। उन्होंने सभी बिजलीघरों पर यार्ड में प्रकाश, पानी, शौचालय, फर्नीचर की व्यवस्था न होने, रात्रि के समय यार्ड में कार्य करने के लिए ग्लव्ज और टार्च उपलब्ध न कराने, एसएसओ के बैठने की व्यवस्था न होने, कर्मचारियों पर नाजायज चेकिंग का दबाव बनाने पर नाराजगी जताई। चेतावनी दी कि यदि जल्द सभी मांगे पूरी नहीं हुई तो एसई बागपत व एमडी ऊर्जा निगम से शिकायत कर कार्रवाई कराई जाएगी। इस दौरान टीजी-2 कपिल तोमर, सुनील आरिफ चौहान, आतिक, बुलचंद आदि शामिल रहे। एसडीओ गोपाल ने उन्हें आश्वासन दिया कि सभी कर्मचारियों से अच्छा व्यवहार किया जा रहा है। विभागीय कार्यों से संबंधित ही दबाव बनाया जा रहा है, नाजायज दबाव किसी पर भी नहीं बनाया जा रहा है।