गूंगा खेड़ी गांव के पंचायत घर में अमान्य स्कूल के संचालन की डीपीआरओ ने की जांच
प्रधान ने स्कूल संचालन की जानकारी होने से किया इंकार, डीडीओ को भेजी जांच रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। गूंगा खेड़ी गांव के पंचायत घर में बिना अनुमति के स्कूल चलाया जा रहा था, जिसमें वीडीओ फंस गए है। डीपीआरओ की जांच में वीडीओ को अवैध रूप से चल रहे स्कूल की जानकारी छिपाने और पंचायत घर पर अनाधिकृत कब्जा कराने का दोषी माना गया है। जिसमें कार्रवाई के लिए डीपीआरओ ने डीडीओ को रिपोर्ट भेजी है।
चमरावल गांव में स्कूल में हादसे में बच्चे की मौत के बाद स्कूलों की जांच शुरू हुई तो गूंगा खेड़ी गांव के पंचायत घर में अवैध तरीके से कब्जा कर बिना अनुमति स्कूल संचालन करने का मामला सामने आया। शिकायत मिलने पर स्कूल की जांच डीपीआरओ अमित कुमार त्यागी को सौंपी गई। डीपीआरओ के जांच करने पर ग्रामीणों ने बताया कि बिजरौल निवासी युवक पंचायत घर में स्कूल का संचालन कर बच्चों को पढ़ाते हैं, जबकि ग्राम प्रधान ने पंचायत घर में स्कूल चलाये जाने की जानकारी होने से साफ इंकार किया। डीपीआरओ अमित त्यागी ने बताया कि जांच में ग्राम विकास अधिकारी पंचायत घर में अमान्य स्कूल संचालन की जानकारी छिपाने व पंचायत घर पर अनाधिकृत रूप से कब्जा कराने के दोषी पाए गए है। जिसके खिलाफ कार्रवाई के लिए डीडीओ को पत्र लिखा गया है। वहीं, प्रभारी डीडीओ बीबी सिंह ने बताया कि इसकी रिपोर्ट अभी नहीं मिली है और जांच रिपोर्ट के आधार पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।