राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा से होगा चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त शासकीय व सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों के छात्रों को अब इंटरमीडिएट तक पढ़ने के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा के माध्यम से मेधावियों को कक्षा नौ से 12 तक वजीफा मिलेगा।
एक हजार रुपये की छात्रवृति
इसके लिए छात्रों को आवेदन करना होगा। फिर परीक्षा में मेरिट के आधार पर उन्हें प्रतिमाह चार वर्ष तक एक हजार रुपये छात्रवृत्ति मिलेगी। ज्यादा से ज्यादा छात्रों को छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। मेधावी छात्र-छात्राओं को कक्षा नौ से 12 तक वजीफा की राशि मिलेगी।
इन विद्यार्थियों मिलेगा लाभ
सत्र 2020-21 में कक्षा सात में परीक्षा के दौरान सामान्य व पिछड़े वर्ग के 55 प्रतिशत व अनुसूचित जाति के 50 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण हों। छात्र या छात्रा के माता-पिता की मासिक आय एक लाख से ज्यादा नहीं होना चाहिए।
छात्रवृत्ति परीक्षा में होंगे दो प्रश्न-पत्र
छात्रवृत्ति परीक्षा में दो प्रश्न पत्र हल करने होंगे। पहली परीक्षा सामान्य मानसिक योग्यता की होगी और दूसरी परीक्षा शैक्षिक अभिरुचि परीक्षण की होगी। प्रत्येक परीक्षा में 90 प्रश्न होंगे और ऋणात्मक अंकन नहीं होगा। परीक्षाओं में विज्ञान, सामाजिक विज्ञान व गणित विषय से प्रश्न पूछे जाएंगे। बताया कि बीएसए से निर्देश प्राप्त हुए हैं कि इसके लिए सोशल मीडिया व व्हाट्स एप के जरिए छात्रों को जागरूक किया जाए ताकि उन्हें लाभ मिल सके।