बड़ौत के जेवी इंटर कॉलेज में वेतन न मिलनें पर प्रदर्शन करते शिक्षक।
- फोटो : BARAUT
प्रबंध समिति की गुटबाजी में फंसा शिक्षकों व कर्मचारियों का वेतन
बड़ौत। एक माह से वेतन नहीं मिलने पर शुक्रवार को जनता वैदिक इंटर कॉलेज के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया और जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
दरअसल, एक वर्ष से जनता वैदिक इंटर कॉलेज में वीरेंद्र पाल सिंह लौहडडा व राजवीर बड़ौली गुट के बीच प्रबंध समिति के लिए गुटबाजी चल रही है। यह मामला शिक्षा विभाग व कोर्ट में विचाराधीन है। इसी विवाद में एक माह से शिक्षकों व कर्मचारियों का वेतन अटका हुआ है। इससे उनके सामने आर्थिक तंगी आ गई है। वहीं, शिक्षा विभाग के लेखा अधिकारी आयकर की सीमा के तहत टैक्स जमा करने का दबाव भी बना रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों ने बताया कि कई बार जिला विद्यालय निरीक्षक ओम दत्त सिंह व लेखाधिकारी राजन जौहरी से वेतन को लेकर मांग कर चुके है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। प्रधानाचार्य डॉ. यशपाल शास्त्री ने बताया कि इस संबंध में डीएम से भी कर्मी मुलाकात कर चुके हैं। उधर, जब इस संबंध मेें डीआईओएस ओमदत्त सिंह का कहना था कि फिलहाल मीटिंग में हूं। इस मामले में सूचना मिली है। जल्द ही शिक्षकों व कर्मचारियों को वेतन भुगतान दिला दिया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में रामबली तोमर, सत्यवीर सिंह, उपेंद्र पंवार, सुधीर, जितेन्द्र आदि शामिल रहे।