बागपत एसपी कार्यालय पर कोतवाली पुलिस हिरासत में आरोपी युवक के बारे में खुलासा करते एसपी प्रताप ग?
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर साबूद्दीन उर्फ साबू हत्याकांड का बृहस्पतिवार को खुलासा कर दिया। एसपी के मुताबिक अहेड़ा गांव निवासी हत्यारोपी ने अपने भाई की पिटाई का बदला लेने के लिए साबू की हत्या की थी।
एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने पत्रकारों को बताया कि 11 फरवरी को रिसर्च सेंटर के पास औद्योगिक क्षेत्र को जाने वाली सड़क के किनारे युवक का शव पड़ा हुआ मिला था। निवाड़ा के प्रधान सरवर की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। 12 फरवरी को मृतक की पहचान साबूद्दीन उर्फ साबू पुत्र नन्नू निवासी अहेड़ा के रूप में हुई थी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को दिल्ली-सहारनपुर रोड पर कलक्ट्रेट के सामने से फिरोज पुत्र अकबर निवासी ग्राम अहेड़ा को गिरफ्तार कर लिया। एसपी के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने हत्या करने की वारदात स्वीकार की है। आरोपी की निशानदेही पर ईंट बरामद की गई है। फिरोज ने बताया कि डेढ़ माह पूर्व साबू ने अपने भाइयों के साथ मिलकर उसके भाई के साथ मारपीट की थी। इसी मारपीट का बदला लेने के लिए उसने हत्या की। दस फरवरी की शाम पांच बजे वह साबू को कुछ काम दिलाने के बहाने घर से बुलाकर ले गया था। दोनों ने मिलकर शराब पी। साबू को अधिक नशा हो गया। इसके बाद वह उसे औद्योगिक क्षेत्र को जाने वाली सड़क पर ले गया और ईंट से उसके सिर पर वार करके हत्या कर दी। शव को खींचकर टूटी बाउंड्री के पीछे छिपाकर भाग गया। एसपी ने बताया कि अभियुक्त को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।