बागपत/बड़ौत। कई तरह की अफवाहों के बीच नमक को लेकर जिले में शाम तक ऐसा हंगामा हुआ कि रात तक इसका दाम 100 रुपये किलो तक पहुंच गया।
अफवाह फैली कि पांच सौ रुपये के नोट की तरह अब बाजार से नमक भी गायब हो जा रहा है। इसके बाद दुकानों पर लोगों की कतारें लगनी शुरू हो गई। बाजार में पुलिस तैनात करनी पड़ी। डीएम ह्दय शंकर तिवारी का कहना है कि बाजार में नमक की कोई कमी नहीं है। शुक्रवार शाम को सबसे पहले बिलौचपुर इसके बाद बड़ौत, बंदपुर, अमीनगर सराय में अफवाहें फैल गई। रात नौ बजे तक जिलेभर में लोग दुकानों के बाहर जमा हो गए। बागपत में माता कॉलोनी, यमुना रोड, बड़ा बाजार और शौकत मार्केट में देखते ही देखते हंगामा शुरू हो गए। पुलिस भी व्यवस्था बनाने पहुंची। लोगों का कहना था कि शनिवार को नमक दो सौ रुपये किलो हो जाएगा, ऐसे में इसे आज ही खरीदना ठीक है। उधर, डीएम ह्दय शंकर तिवारी ने आपूर्ति विभाग से मामले की रिपोर्ट ली। जिला पूर्ति अधिकारी चमन सिंह का कहना है कि नमक की कोई कमी नहीं है। जिन लोगों ने अफवाह फैलाई है, उनकी जांच की जा रही है।
बड़ौत में भी नमक के िलए मारामारी मची रही। देर रात तक लोग नमक खरीदने के लिए दुकानों पर जमे रहे। 150 रुपये का नमक का कट्टा भी 800 रुपये तक में बिक गया। सूचना पर बाजार में पहंुची पुलिस ने स्थिति संभाली। कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई ः बागपत। डीएम ह्दय शंकर तिवारी ने कहा कि नमक की कालाबाजारी करने वालों पर कार्रवाई होगी। बाजार में नमक की कोई कमी नहीं है। अफवाह फैलाने वालों को नहीं बख्शा जाएगा। लोग धैर्य से काम लें। किसी तरह की कोई परेशानी नमक को लेकर नहीं है।
अमीनगर सराय बिलौचपुरा गांव में नमक बंद होने की अफवाह से दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ गई। लोगों ने कई-कई किलो नमक लेकर घरों में रख लिया। दुकानों पर आपाधापी मची रही। बता दें कि पांच सौ और 1000 के नोट बंद होने से जहां देश में भूचाल मचा हुआ है। इसे लेकर बैंक, बिजली दफ्तर और अन्य विभागों में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। कुछ इसी तरह के हालत नमक को लेकर बिलौचपुरा में बन गए। किसी ने अफवाह फैला दी गई कि देश में नमक की कमी आने वाली है। नमक आना बंद हो जाएगा।
जब ग्रामीणों को इसकी खबर लगी तो चंद मिनटों में दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ गई। किसी ने पांच किलो नमक खरीदा तो किसी ने 20 किलो। ग्रामीणों ने घरों में स्टॉक लगा दिया। देर शाम तक दुकानों पर लोगों की भीड़ जुटी रही। दुकानों से जहां नमक खत्म हो गया, लेकिन लोगों का आना कम नहीं हुआ। इस संबंध में ग्राम प्रधान दिलशाद ने बताया कि किसी ने अफवाह फैला दी की नमक बंद होने वाला है। जिसको देखते हुए दुकानों पर गांव नमक खरीदने के लिए पहुंच गए।
100 रुपये तक बिक गया नमक
बिलौचपुर गांव में नमक बंद होने की ऐसी अफवाह फैला दी गई 90 से लेकर 100 रुपये तक प्रति किलो दाम पहुंचा दिए। घर-घर में नमक के पैकेट रख लिए गए। यह ही नहीं दुकानों से मोटा नमक भी खरीद लिया गया। खेकड़ा। नगर में देर शाम अचानक नमक तीन सौ रुपये प्रति किलो होने की अफवाह फैल गई। जिसके चलते दुकानों पर नमक की खरीददारी करने के लिए ग्राहकों की भीड़ लग गई। अनेक दुकानदारों के पास नमक खत्म हो गया।