अमीनगर सराय। खिंदौड़ा गांव में एक-एक लाख रुपये का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाकर रविवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। वहां आए पुलिसकर्मियों ने किसी तरह मामला शांत कराया। इसमें खिंदौड़ा गांव के बजरंग दल के जिला विशेष संपर्क प्रमुख विनोद की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पूजा, रोहित निवासी जमशेदपुर झारखंड और ज्योति निवासी फलावदा जिला मेरठ को गिरफ्तार कर लिया।
खिंदौड़ा गांव निवासी विनोद ने मुकदमा दर्ज कराया कि उनके गांव के अर्जुन के मकान में रविवार को कुछ लोगों की बैठक चल रही थी। तभी ग्रामीणों ने उनको बैठक में एक-एक लाख रुपये का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने के बारे में बताया और बैठक की एक वीडियो बनाकर भेजी। जिसमें एक युवक ईसाई धर्म के बारे में उनका बता रहा था और धर्म परिवर्तन करने के लिए महिलाओं को उकसाता हुआ नजर आ रहा है। साथ ही ईसाई धर्म की किताबों के बारे में भाषण भी दे रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ वहां पहुंचकर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाते हुए विरोध किया और पुलिस को बुला लिया। बताया कि झारखंड के जमशेदपुर से आई पूजा, रोहित और मेरठ के फलावदा निवासी ज्योति ने झूठ बोलकर वहां से भागने का प्रयास किया तो पुलिस को बुलाया गया। इसको लेकर खिंदौड़ा गांव में काफी देर तक हंगामा चलता रहा। पुलिसकर्मी इन तीनों को पकड़कर सिंघावली अहीर थाने ले गए। इसमें विनोद खिंदौड़ा की तहरीर पर पुलिस ने पूजा, रोहित और ज्योति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
-
एक परिवार को धर्म परिवर्तन करने पर एक लाख रुपये
बजरंग दल के कार्यकर्ता विनोद ने बताया कि अर्जुन के मकान में चल रही बैठक में गरीब परिवार की महिलाओं को बुलाया गया। वहां पर उनकी आर्थिक तंगी, बीमारियों को दूर करने का झांसा दिया गया। साथ ही एक परिवार के धर्म परिवर्तन करने पर एक-एक लाख रुपये देने तय किए। बैठक में धर्म परिवर्तन करते ही महिला को एक-एक लाख रुपये देने का भरोसा भी दिया।
-
फेसबुक पर की खिंदौड़ा की महिला से दोस्ती
बताया गया कि धर्म परिवर्तन करने वालों ने सोशल मीडिया पर अपना जाल फैला रखा है। बताया कि झारखंड निवासी पूजा और रोहित ने गांव की महिला के साथ फेसबुक पर दोस्ती की। इसके बाद दोनों में बातचीत शुरू हो गई। आरोप लगाया कि धर्म परिवर्तन करने वाले गिरोह के सदस्यों ने गांव की महिला को धर्म परिवर्तन के लिए बातचीत की और फिर अपनी टीम के साथ गांव पहुंच गए।
वर्जन-खिंदौड़ा गांव के कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि वहां लालच देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। वहां पहुंचकर पुलिस ने जांच की और दो महिलाओं समेत तीन को पकड़ा गया। इसमें मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच भी की जा रही है और इसमें जिस तरह के तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। सूरज कुमार राय, एसपी।