बोर्ड परीक्षा नकलविहीन संपन्न कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद की कवायद
एक ही कक्ष में दो दिन ड्यूटी नहीं कर सकेंगे परीक्षण, मेसेज से मिलेगी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। बोर्ड परीक्षा में कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी अब हर दिन बदलेगी। वह एक ही कक्ष में दो दिन ड्यूटी नहीं कर सकेंगे। साथ ही ड्यूटी के समय बताया जाएगा कि किस कमरे में ड्यूटी करनी है। ड्यूटी की जानकारी भी मेसेज के जरिए देने की कवायद शुरू हुई है।
बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद नए-नए प्रयोग कर रहा है। ताकि परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल न खड़ा होने पाए। सीसीटीवी के निगरानी में पहले ही परीक्षा कराई जा रही है। इस बार बोर्ड की परीक्षा 24 अप्रैल से बोर्ड परीक्षा की तिथि तय हो गई है। इसमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 32 हजार 754 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। 44 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए विभागीय तैयारियों अंतिम दौर में है। इस बार परीक्षा में कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी में बदलाव किया गया है। अब एक कमरे में ड्यूटी करने वाले कक्ष निरीक्षक दूसरे पेपर में उसकी कक्ष में ड्यूटी नहीं करेंगे। उनकी ड्यूटी दूसरे कक्ष में लगाई जाएगी। इसके अलावा मेसेज के जरिए ड्यूटी की जानकारी देने की कवायद शुरू की गई है। अगर सुबह की पाली में ड्यूटी लगनी है तो देर शाम मेसेज भेजा जाएगा। वहीं अगर दूसरी पाली में परीक्षा ड्यूटी है तो सुबह मेसेज भेजा जाएगा। इस संबंध में मथन जारी है। श्रीराम शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राजीव तोमर ने बताया कि इस बार शासन ने ड्यूटी की जानकारी भी मेसेज के जरिए देने की कवायद शुरू की है, जो एक अच्छी पहल है।
तीन स्थानों से होगी मॉनिटरिंग
बोर्ड परीक्षा नकलविहीन संपन्न हो, इसके लिए हर परीक्षा केंद्र सीसीटीवी से लैस रहेगा। मॉनिटरिंग के लिए केंद्र के अलावा डीआईओएस कार्यालय में कंट्रोल रूम बनेगा। इसके अलावा सीधा लखनऊ मुख्यालय में बने कंट्रोल रूम में स्थापित रहेगा। उससे सभी परीक्षा केंद्र जोड़े जाएंगे। इससे वहां से मॉनिटरिंग हो सकेगी।