संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पहले पुलिस ने अपराधिक घटनाओं पर गंभीरता दिखानी शुरू कर दी है। ग्रामीणों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई शुरू हो गई है।
बागपत जिले में 244 ग्राम पंचायत हैं। पंचायत चुनाव शांति से हो और कोई अपराधिक घटना न हो। इसके लिए पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि गांवों में प्रधान पद के भावी उम्मीदवार और पूर्व प्रधानों के बीच रंजिश का पता लगाया जा रहा है। कोतवाल के साथ सर्किल के बीट सिपाही इसकी मॉनीटरिंग करेंगे।
खुफिया एजेंसियों को भी किया गया अलर्ट
- पुलिस अधीक्षक ने चुनाव को देखते हुए खुफिया एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया है। एजेंसियां अपने स्तर से सियासी रंजिश का पता लगा रही हैं। वहीं, दूसरी ओर गांवों के अराजक तत्वों पर भी निगाह रखी जा रही है।
68 को किया जा चुका है जिला बदर
- चुनाव की तैयारी को देखते हुए प्रशासन ने जिले के 68 लोगों को जिलाबदर कर दिया था। अब इन लोगों के गांव में मुनादी कराकर ग्रामीणों को आगाह कर रही है कि यदि जिलाबदर व्यक्ति गांव में दिखाई देता है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।