लाठी-डंडों से हमला कर बाइक सवार युवकों से लूटपाट
चांदीनगर। खेकड़ा थाना क्षेत्र के रटौल-लहचौड़ा मार्ग पर सोमवार देर रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने लाठी-डंडे से हमला कर अन्य बाइक सवार तीन युवकों से हजारों की नकदी लूट ली। पीड़ित युवकों ने मामले की सूचना रटौल पुलिस को दी। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर बदमाशों को जंगल में तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
लहचौड़ा निवासी प्रमोद पुत्र सूबे, राहुल पुत्र बाबू और चिंटू पुत्र सतबीर दिल्ली के मंडावली में स्थित प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। सोमवार रात लगभग नौ बजे तीनों एक बाइक से अपने घर लहचौड़ा लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक रटौल-लहचौड़ा मार्ग पर बने गंदे नाले के पास पहुंची घात लगाए तीन बाइक सवार बदमाशों ने उन पर लाठी-डंडो से हमला बोल दिया। इसकी वजह से उनकी बाइक खेत में गिर गई। इसी दौरान सामने से अन्य बाइक आती देख आरोपी युवकों से नकदी से भरा बैग छीनकर तमंचा लहराते हुए भाग गए। बैग में आठ हजार रुपये के अलावा अन्य कीमती कागजात थे। बदमाशों के भागने के बाद युवकों ने शोर मचाया तो राहगीरों की भीड़ इकट्ठा हो गई। ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर घटना स्थल पर पहुंचे। पीड़ितों के परिजनों ने मामले की सूचना रटौल पुलिस और 100 डायल पुलिस को दी। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ जंगल में बदमाशों की तलाश की लेकिन सुराग नहीं मिला। इसके बाद रटौल चौकी क्षेत्र में आए दिन हो रही चोरी-लूट के खिलाफ ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने पुलिस से गश्त लगाने की मांग की। राजू यादव, समाज सेवी रणवीर, विष्णु, रोहताश, मनोज, कृष्ण, बाबू, सतबीर, ईश्वर, गौरव, राहुल ग्रामीण मौजूद रहे।