बागपत कचहरी के बाहर पूर्व विधायक मदन भैया से मिलते लोग।
- फोटो : BAGHPAT
- पूर्व विधायक चंदर सिंह पर 23 साल पहले हुए जानलेवा हमले का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। गाजियाबाद के जावली गांव निवासी रालोद के पूर्व विधायक मदन भैया ने पूर्व विधायक चंदर सिंह पर 23 साल पहले हुए जानलेवा हमले के मामले में कोर्ट पहुंचकर अपने बयान दर्ज कराए। मदन भैया के कोर्ट पहुंचने के कारण काफी भीड़ रही। सुरक्षा की दृष्टि से कचहरी में काफी पुलिस बल तैनात रहा।
अहैड़ा गांव के रहने वाले पूर्व विधायक चंदर सिंह पर तीन अप्रैल 1998 को नगर के राष्ट्र वंदना चौक के पास स्कूटर सवार लोगों ने फायरिंग की थी। गोली लगने से पूर्व विधायक चंदर सिंह के अलावा उनके बेटे महीपाल सिंह और एक शिक्षिका शशि देवी घायल हो गई थी। घायल महीपाल सिंह ने कोतवाली में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़ित पक्ष के वकील संजय पंवार के अनुसार इस मामले में पुलिस ने पूर्व विधायक मदन भैया के अलावा नरेश निवासी जावली, जिला गाजियाबाद व शमशाद उर्फ काला निवासी मुजफ्फरनगर के नाम शामिल किए थे। यह मुकदमा एडीजे चतुर्थ सुशील कुमार की अदालत में विचाराधीन है। इस मामले में वादी सहित नौ गवाहों की गवाही हो चुकी है। आरोपी पक्ष के वकील चेयरमैन राजुद्दीन ने बताया कि आरोपी पूर्व विधायक मदन भैया के अदालत में बयान दर्ज कराए गए है।
कचहरी परिसर में उमड़ी भीड़
पूर्व विधायक मदन भैया के समर्थकों की कचहरी के पास काफी भीड़ रही। गाड़ियों की लाइन लगने के कारण पुलिस को व्यवस्था बनानी पड़ी। पूर्व विधायक के पहुंचने के कारण काफी पुलिस बल तैनात किया गया था।