बागपत। छपरौली के चौधरी चरण सिंह कॉलेज में एक नया शोध केंद्र स्थापित किया गया है। इस केंद्र को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है। यह पहल कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए शोध कार्यों के नए अवसर खोलेगी।
अभी तक कॉलेज के शोध कार्य जनता वैदिक कॉलेज बड़ौत से संबद्ध थे। अब छात्र अपने ही कॉलेज में शोध कर सकेंगे। कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग में प्रोफेसर डॉ. प्रतीत कुमार के निर्देशन में शोध कार्य चल रहे हैं। सात छात्र-छात्राएं विभिन्न विषयों पर शोध कर रहे हैं। इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री और रालोद के संस्थापक दिवंगत चौधरी अजीत सिंह के राजनीतिक नेतृत्व पर शोध भी शामिल है। यह शोध उनके केंद्रीय उद्योग मंत्री और खाद्य मंत्री के रूप में किए गए कार्यों का विश्लेषण करेगा। इसमें किसान हितों के लिए उनके संघर्षों और नीतिगत निर्णयों का भी अध्ययन किया जा रहा है। कॉलेज में शोध केंद्र स्थापित होने पर सभी ने प्रसन्नता व्यक्त की है। डॉ. प्रतीत कुमार ने कहा कि इससे विद्यार्थियों को काफी लाभ मिलेगा।