गोली लगने से घायल हुए वीरेंद्र की पत्नी ने दर्ज कराई रिपोर्ट
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात
चेयरमैन ने आरोपियों के खिलाफ रासुका लगाने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। गुराना रोड गली नंबर आठ में सोमवार की रात हुए पथराव व फायरिंग के मामले में पुलिस ने दूसरे वर्ग की एक महिला सहित छह लोगों के खिलाफ रिपोट दर्ज की है। यह रिपोर्ट फायरिंग में घायल हुए वीरेंद्र शर्मा की पत्नी ने दर्ज कराई है। उधर, मोहल्ले में तनाव की स्थिति है। एहतियात के तौर पर पुलिस तैनात की गई है। वहीं, नगर पालिका चेयरमैन ने भी आरोपियों के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की मांग की है।
बता दें कि सोमवार की रात गुराना रोड गली नंबर आठ में बच्चों के विवाद में दूसरे वर्ग के कुछ लोगों ने वीरेंद्र शर्मा के मकान पर पथराव और फायरिंग कर दी थी। पेट में गोली लगने से वीरेंद्र शर्मा घायल हो गए थे। पथराव में नौ अन्य भी चोटिल हुए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामला शांत कराया था। कोतवाल अजय शर्मा ने बताया कि इस मामले में सुमित्रा शर्मा पत्नी वीरेंद्र शर्मा की तहरीर पर सोनू पुत्र हाजरा, चुम्मा उर्फ शादाब, गुलजार, शमशाद, महिला खाल्ला सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी करने में जुटी हुई है। बताया कि क्षेत्र में शांति है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। उधर, नगर पालिका चेयरमैन अमित राणा ने भी एसपी से आरोपियों पर रासुका लगाने की मांग की है।
महिला पर लगाया नशे का कारोबार करने पर आरोप
मोहल्लेवासियों रामावतार, चैनपाल, कल्लू, सोनू, नवाब, राजीव, ताहिर, सुरेंद्र, प्रमोद ने इस मामले को लेकर मंगलवार को प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि दूसरे वर्ग की एक महिला और उसका परिवार गांजा बेचता है। गत वर्ष भी इसी को लेकर फायरिंग और पथराव की घटना हुई थी। कई बार शिकायत भी की गई, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। कोतवाल अजय शर्मा का कहना है कि गांजा बेचने की सूचना मिली है, इसको तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया है।