बागपत। कलक्ट्रेट में बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण एवं निगरानी समिति के लिए सोमवार को जिला टास्क फोर्स की बैठक हुई। इसमें डीएम राजकमल यादव ने कोविड संक्रमण के कारण अनाथ हुए बच्चों के संरक्षण के लिए सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा संक्रमण के कारण जिन बच्चों ने माता-पिता अभिभावकों को खो दिया है। उनके पुनर्वास एवं सहायता के लिए राज्य सरकार की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। किशोर न्याय समिति न्यायालय एवं किशोर न्याय समिति उच्च न्यायालय ने विभाग से 18 साल से कम आयु के ऐसे बच्चों की जानकारी मांगी है। ऐसे बच्चे जिनके माता/पिता कोविड कोविड-19 पाजिटिव नहीं पाए गए। किंतु समस्त लक्षण कोविड-19 के समान ही थे और उपचार के दौरान अथवा अभाव में उनकी मृत्यु हो गई।
ऐसे बच्चे जिनके माता-पिता कोविड-19 संक्रमित हो, महामारी के दौरान अस्पताल में भर्ती हो तथा घर पर देखरेख करने वाला कोई न हो। ऐसे बच्चे जिनके माता पिता कोविड-19 लक्षणों से संक्रमित होने के कारण होम आइसोलेशन में हो। उनकी देखरेख करने वाला कोई न हो एवं महामारी के दौरान अनाथ व परिवार से बिछडे़ प्रकार से परिवार विहीन बच्चों की सूचना से मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में अवगत कराने के निर्देश दिए। विशेष किशोर पुलिस इकाई चाइल्ड लाइन 1098 जिला बाल संरक्षण को ऐसे बच्चों के बारे में सूचना प्राप्त होने पर जिला प्रोबेशन अधिकारी अथवा बाल कल्याण समिति को तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए दो गज दूरी मास्क के अलावा बुखार, सर्दी, जुकाम, खांसी आदि लक्षण होने पर संचालित इंटीग्रेटेड कोविड-19 राहत कंट्रोल रूम 0121-2220027 पर संपर्क करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम अमित सिंह, सीडीओ अभिराम त्रिवेदी, सीएमओ डॉक्टर आरके टंडन, जिला प्रोबेशन अधिकारी तूलिका शर्मा ,जिला कार्यक्रम अधिकारी विपिन मैत्रेय, बाल संरक्षण अधिकारी दीपांजलि, महिला कल्याण अधिकारी शालू चौधरी मौजूद रहीं।