20 हजार का लालच देकर श्रमिक कार्ड में हिंदु समाज के लोगों के नाम और धर्म बदलने का आरोप
हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए कोतवाली में किया हंगामा
खेकड़ा कोतवाली पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की
अमर उजाला ब्यूरो
खेकड़ा (बागपत)। अहमदनगर नंगलाबड़ी गांव के हिंदू समाज के लोगों के श्रमिक कार्ड में नाम और धर्म बदलने का मामला तूल पकड़ गया है। रविवार को एक पीड़ित ने महिला सहित सात आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है, जिस पर पुलिस ने धोखाधड़ी और जबरन धर्मांतरण के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने सख्त कार्रवाई के लिए कोतवाली में हंगामा किया। उधर, पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
गांव अहमदनगर नंगलाबड़ी में चार माह पूर्व कुछ लोग आए थे। उन्होंने गांव निवासी मनोज, विमलेश, ज्योति, प्रकाशी, मोनिका, मंजू और मिल्लू आदि को 20 हजार रुपये की ऋण योजना की जानकारी दी थी। बताया कि यह ऋण उन्हें वापस नहीं करना पडे़गा। इसके लिए आधार कार्ड और शपथ पत्र देने होंगे। इन सभी ने उन्हें आधार कार्ड और शपथ पत्र दे दिए थे। चार माह बाद उन्हें श्रमिक कार्ड मिले। उनमें इन सभी के मुस्लिम नाम दर्ज हैं। मनोज का रिहान, मिल्लू का रहीश, विमलेश का कौसर, ज्योति का शकीला, प्रकाशी का शमा, मोनिका का रिहाना और मंजू का शकीला कर दिया गया।
यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता शनिवार को अहमदनगर नंगलाबड़ी गांव पहुंचे थे और हंगामा कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई थी और गांव पहुंच कर मामले की जांच की थी। रविवार सुबह मंच कार्यकर्ता एक बार फिर पीड़ित ग्रामीणों को लेकर कोतवाली पहुंचे। पीड़ित मनोज कुमार ने गांव की ही एक महिला सहित सात के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी देवेश शर्मा ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। बताया कि तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी और जबरन धर्मांतरण के आरोप में महिला सहित सात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इस पर प्रदर्शनकारी शांत हुए। इस दौरान वीरांगना प्रियंका आर्या, राकेश आर्य, मनुपाल बंसल, राजीव राजपूत, अशोक शर्मा, कपिल शर्मा, राजीव कुमार, अभिषेक त्यागी, आदेश बंसल, मोहित, धीरज सिंह, सुंदर डागर, कर्मवीर सिंह, संजय कुमार, देवेंद्र सिंह आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इनके खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट
पुलिस क्षेत्राधिकारी युवराज सिंह ने बताया कि पीड़ित मनोज कुमार की तहरीर पर यह मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें अलीशेर, अफजाल, आरिफ, वकील, अमन, राजा और आसमां के खिलाफ दर्ज हुआ है। चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। उनसे पूछताछ जारी है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
ये लगाई धाराएं
420 धोखाधड़ी
3/5 जबरन धर्मांतरण