बागपत। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे का नवीनीकरण सोमवार को शुरू हो गया। पहले चरण में राष्ट्र वंदना चौक से नवीनीकरण शुरू होने के चलते नेशनल हाईवे वनवे कर दिया गया, जिससे जाम लग गया। इसको देखते हुए वाहनों को दूसरी तरफ से निकाला गया।
दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर जगह-जगह गड्ढे होने के चलते एनएचएआई के अफसरों ने नवीनीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार किया। इसमें नेशनल हाईवे पर अन्य सुविधाओं के लिए भी बजट की मांग की गई। एनएचएआई के प्रस्ताव पर केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय ने मंजूरी देते हुए बजट जारी किया। इससे दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर सड़क उखाड़कर दोबारा बनाने और नालों का निर्माण कराया जाना है। एनएचएआई के अफसरों ने नवीनीकरण के लिए 145 करोड़ रुपये की निविदा प्रक्रिया पूरी की।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक नरेंद्र सिंह ने बताया कि पहले चरण में राष्ट्र वंदना चौक से गौरीपुर मोड़ तक नवीनीकरण किया जाएगा, जिसमें 20 दिन का समय लगेगा। इस दौरान नेशनल हाईवे वनवे कर वाहनों को निकाला जाएगा। इसी तरह अगले चरणों में गौरीपुर मोड़ से बड़ौत और बड़ौत से किशनपुर बराल तक नीवीकरण होगा। वहां से शामली और सहारनपुर तक कार्य होगा। इस तरह नवीनीकरण का कार्य छह माह में पूर्ण किया जाएगा।