लखनऊ स्थित अवध शिल्प ग्राम अवध विहार में बृहस्पतिवार से छह जुलाई तक आम महोत्सव का आयोजन चल रहा है। रटौल आम उत्पादक हबीब चौहान, अलीना, हुमेरा व सबा चौहान ने वहां रामकेला, मख्सूस, खट्टा मीठा, तोता परी आदि आम सजा रखे हैं। यहां रटौल आम अपनी गजब की खुशबू और मिठास के लिए छाया हुआ है। यहां देशभर से 850 आम प्रजातियों का प्रदर्शन किया जा रहा है।
रटौल कस्बा निवासी आम उत्पादक हबीब चौहान के रटौल आम को प्रथम व दूसरा स्थान मिला। जबकि रटौल के ही सबा चौहान के आम को तीसरा स्थान मिला। पहले तीनों पुरस्कार रटौल को मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रटौल आम की तारीफ कर आम उत्पादकों का हौसला बढ़ाया। बाग के मालिकों को उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उद्यान राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने हबीब चौहान से रटौल आम की पूरी जानकारी ली। इसके बाद राज्यमंत्री ने वीडियो कॉल कर रटौल आम के बागों का दृश्य देखा और आम का स्वाद चखने के बाद खूब तारीफ कर रटौल आने की भी बात कही।