कनवर्जन कास्ट के लिए बैंक खाते किए जा रहे अपडेट
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को लॉकडाउन पीरियड के खाद्यान्न का वितरण शुरू कर दिया गया है। जिले में लगभग 40 फीसदी बच्चों को राशन का वितरण भी किया जा चुका है। बच्चों के अभिभावकों के खातों में भेजी जाने वाली कनवर्जन कास्ट के लिए बैंक डिटेल को अपडेट किया जा रहा है।
शासन ने परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को लॉकडाउन पीरियड का खाद्यान्न का वितरण एवं परिवर्तित राशि उनके अभिभावकों के खातों में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए थे। प्राथमिक स्तर के छात्र-छात्राओं को 7.60 किग्रा राशन एवं 374 रुपये परिवर्तित राशि तथा उच्च प्राथमिक स्तर के छात्र-छात्राओं को 11.40 किग्रा राशन व 561 रुपये परिवर्तित राशि अभिभावकों के खातों में स्थानांतरित कराने के निर्देश दिए थे। मध्याह्न भोजन प्राधिकरण के जिला समन्वयक फरजान शैरफ ने बताया कि जिले में खाद्यान्न का वितरण शुरू करा दिया गया है। धनराशि स्थानांतरित करने के लिए अभिभावकों के खातों को अपडेट किया जा रहा है। खाते अपडेट होने के उपरांत परिवर्तित राशि स्थानांतरित करा दी जाएगी।
95116 छात्र-छात्राएं पंजीकृत
बागपत। मध्याह्न भोजन प्राधिकरण के जिला समन्वयक फरजान शैरफ ने बताया कि जिले में मध्याह्न भोजन के लिए 95116 छात्र-छात्राएं पंजीकृत है। इनमें से 69 हजार छात्र-छात्राएं परिषदीय विद्यालय और 26 हजार 116 छात्र-छात्राएं माध्यमिक एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में पंजीकृत है। जिले में 42 फीसदी बच्चों को खाद्यान्न का वितरण हो चुका है।