बागपत। एनसीआर में रैपिड रेल का दायरा बढ़ाने के लिए दूसरे चरण में केंद्र सरकार ने दिल्ली से बागपत के कासिमपुर खेड़ी तक प्रस्ताव दिया है। सांसद डॉ सत्यपाल सिंह ने एनसीआरसीटी के एमडी विनय कुमार से मुलाकात कर प्रोजेक्ट को जल्द से जल्द मंजूर करने और कार्य शुरू करने की मांग रखी।
सांसद डॉ सत्यपाल सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम के दूसरे चरण के प्रस्ताव केंद्र सरकार ने तैयार कर लिए हैं। दिल्ली-शाहदरा-बड़ौत से कासिमपुर खेड़ी तक का प्रस्ताव भी केंद्र सरकार ने तैयार किया है। दूसरे चरण के लिए पांच प्रस्ताव एनसीआरटीसी को भेजे गए हैं, जिनमें जिले के लिए भी बड़ा तोहफा है। वह लंबे समय से रैपिड रेल की मांग करते हुए आ रहे थे। पहले कार्यकाल में भी उन्होंने प्रस्ताव दिया था। सरकार के प्रस्ताव के बाद बुधवार को उन्होंने एनसीआरसीटी के एमडी विनय कुमार से मुलाकात कर प्रोजेक्ट को जल्द से जल्द मंजूरी देकर कार्य शुरू करने की मांग की। सांसद ने बताया कि एमडी से मुलाकात सकारात्मक रही है। दूसरे चरण में काम शुरू हो जाएगा।
चार जिलों के लोग होंगे लाभान्वित
बागपत। कासिमपुर खेड़ी तक रैपिड रेल की स्वीकृति के बाद चार जिलों के लोग लाभान्वित होंगे। बागपत के अलावा शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के लोगों को भी लाभ मिलेगा।
पहले चरण में दिल्ली-मेरठ पर चल रहा काम
बागपत। एनसीआरसीटी की ओर से पहले चरण का कार्य इन दिनों कराया जा रहा है। पहले चरण में दिल्ली से गाजियाबाद-मेरठ के प्रोजेक्ट पर कार्य चल रहा है। जिले में रैपिड रेल को दूसरे चरण में प्रस्तावित गया है।
दिल्ली पर आबादी का बोझ कम करने की कवायद
बागपत। दिल्ली पर आबादी का बोझ कम करने के लिए रैपिड रेल पूरे एनसीआर क्षेत्र में ले जाने की कवायद की जा रही है। ताकि लोग नौकरी और कामकाज के सिलसिले में अपने घरों से ही आवागमन कर सकें।