बड़ौत। नगर की एक तलाकशुदा दुष्कर्म पीड़िता न्याय के लिए दर-दर भटक रही है, लेकिन कोतवाली में तहरीर देने के बाद भी उसको न्याय नहीं मिल रहा है। पीड़िता ने एसपी से मिलकर कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता ने बताया कि वह बिनौली थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है, उसकी शादी पांच साल पहले बिनौली थाना क्षेत्र के ही एक गांव के युवक से हुई थी, लेकिन शादी के कुछ दिनों बाद मनमुटाव होने के उसका तलाक हो गया था। जिसके बाद वह नगर में रहने लगी थी। मकान का लोन दिलाने के लिए नगर की एक बैंक शाखा में कार्यरत कर्मचारी से संपर्क हो गया था।
आरोप लगाया कि आरोपी ने लोन दिलाने का झांसा देकर उसके साथ मसूरी, देहरादून सहित अन्य कई जगहों पर ले जाकर दुष्कर्म किया था। आरोपी ने शादी करने की बात कहीं थी, अब उसका स्थानांतरण सहारनपुर की एक बैंक ब्रांच में हो गया है। अब आरोपी न तो शादी कर रहा है और समझौते का दबाव बना रहा है। सीओ युवराज सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही जांच कर बैंक कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।