दोघट । आर्य समाज दोघट के मंत्री मांगेराम आर्य ने उप्र के मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर रमाला सहकारी चीनी मिल की पेराई क्षमता 2750 टीसीडी से बढ़ाकर 8000 टीसीडी कराने और 25 मेगावाट का को जनरेशन प्लांट लगाने के लिए मिल को 300 करोड़ रुपये का बजट जारी करने की मांग की।
उन्होंने पत्र में बताया रमाला सहकारी चीनी मिल की पेराई क्षमता वर्तमान में 2750 टीसीडी है। शासन ने 19 अगस्त 2013 को मिल की पेराई क्षमता 2750 टीसीडी से बढ़ाकर 5000 टीसीडी करने और तत्समय में संघ और मिल स्तर पर उपरोक्त विस्तारीकरण एवं को जनरेशन संयंत्र की स्थापना की जाने वाली औपचारिकता भी पूर्ण कर ली थी, लेकिन शासन से आज तक 200 करोड़ रुपये का अनुमान बजट जारी नहीं किया।
उन्होंने बताया 2013 के प्रस्ताव के समय से आज की हालत में अंतर आ गया है। इसलिए मिल की क्षमता 5000 के बजाए 8000 टीसीडी कराने के लिए 300 करोड़ रुपये की आवश्यकता पड़ेगी।
पंद्रह दिन में किया जाएगा बकाया गन्ना भुगतान
दोघट। किनौनी चीनी मिल के वीसी डॉ. तेजवीर ढाका ने कहा पिछले पेराई सत्र का 15 करोड़ रुपये किसानों के गन्ने का भुगतान मिल पर शेष है। जिसे 15 दिन में किसानों के खातों में भेज दिया जाएगा। उन्होंने पुसार गांव में पूर्व प्रधान भाग्यवीर के आवास पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया नोटबंदी के कारण चीनी का उठान नहीं हो पा रहा है। इस कारण बकाया गन्ना भुगतान में देरी हो रही है। 15 दिन में किसानों का बकाया 15 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया जाएगा। इसके बाद चालू पेराई सत्र का भुगतान होगा। बताया बागपत, मेरठ और गाजियाबाद में मिल के 180 गन्ना क्रय केंद्र हैं। इस सीजन में पिछले सीजन से ज्यादा गन्ना पेराई करने का लक्ष्य है।