बिनौली। माखर गांव के प्राथमिक विद्यालय के जर्जर भवन और अव्यवस्थाओं का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में दर्ज हुई प्राथमिकी निरस्त नहीं होने पर रजत सोलंकी ने बंदी की वेशभूषा पहनकर खुद को बेड़ियों से जकड़ लिया। रजत के माखर चौकी पर धरना देने जाने की सूचना पर आए पुलिसकर्मियों ने उन्हें घर में ही नजरबंद कर लिया। वहां इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार से फोन पर वार्ता होने के बाद आठ मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
रजत सोलंकी के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी निरस्त कराने की मांग को लेकर सर्वसमाज की पंचायत का आयोजन किया गया था। इसके बाद रजत ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर 21 सितंबर को माखर पुलिस चौकी पर धरना देने की चेतावनी दी थी। मंगलवार तक प्राथमिकी निरस्त नहीं होने पर रजत सोलंकी ने अपने घर में कैदी की वेशभूषा पहनी और खुद को बेड़ियों में जकड़कर चौकी की तरफ जाने लगे। इसकी सूचना मिलते ही थाने से पुलिसकर्मी भी उनके घर पहुंच गए और नजरबंद कर लिया। रजत ने घर से निकलने का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने जाने नहीं दिया।
फोन पर वार्ता में इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने दो दिन में समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इस मामले में सीओ सुकन्या शर्मा का कहना है कि जांच कराकर जल्द ही समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।