डीपीआरओ ने बीडीओ को सभी प्रधानों व सचिवों को दामिनी एप डाउनलोड कराने के निर्देश दिए
चार घंटे पहले 20 किलोमीटर के दायरे में होने वाली बरसात को लेकर मिलेगा अलर्ट मेसेज
संवाद न्यूज एजेसी
बागपत। बरसात के सीजन में बारिश से होने वाली जानमाल की हानि से बचाव करने के लिए दामिनी एप का सहारा लिया जाएगा। जिससे मौसम बिगड़ने से चार घंटे पहले ही अलर्ट मेसेज मिलेगा और राहत-बचाव कार्य की पहले ही तैयारी की जा सकेगी। डीपीआरओ ने सभी बीडीओ को प्रधानों व सचिवों के मोबाइल में दामिनी एप डाउनलोड कराने के निर्देश जारी किए।
मूसलाधार बारिश होने से नुकसान होने का खतरा ज्यादा बढ़ जाता है। जिसमें जानमाल का भी खतरा रहता है। इससे बचाव के लिए शासन ने दामिनी एप मोबाइल में डाउनलोड कराने के निर्देश दिए हैं। डीपीआरओ अमित त्यागी ने बताया कि जिले की 244 ग्राम पंचायतों के प्रधानों व सचिवों के मोबाइल फोन में एप डाउनलोड कराया जा रहा है। इससे गांव के 20 किलोमीटर के दायरे में होने वाली बरसात की सूचना का अलर्ट मेसेज मिलेगा। जिससे पहले ही राहत कार्य चलाकर नुकसान को कम किया जा सकेगा और बाढ़ प्रभावित इलाकों से लोगों को पहले ही निकाला जा सकेगा।