संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। पिछड़ा वर्ग एवं दिव्यांगजन कल्याण विभाग के राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप के सामने बुधवार को दिव्यांगों ने अधिकारियों की पोल खोलते हुए खूब हंगामा किया। दिव्यांगजन कल्याण विभाग के अधिकारियों पर ट्राई साइकिल व मोटराइज्ड ट्राई साइकिल के लिए चक्कर कटवाने, अभद्रता करने तथा घोटाला करने का आरोप लगाया। दिव्यांगों को हंगामा करते देखकर मंत्री व डीएम ने उनके पास नीचे बैठकर समस्या सुनीं तथा उनका जल्द निस्तारण कराने का आश्वासन दिया।
कलक्ट्रेट के लोकमंच में बुधवार को दिव्यांगों को ट्राई साइकिल व अन्य उपकरण वितरित करने के लिए राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप पहुंचे थे। जहां कार्यक्रम के बीच में कई दिव्यांग पहुंच गए तथा दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी पर कार्यालय में चक्कर काटने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं करने का आरोप लगाया। बड़ौत का शौकीन अपनी पत्नी बुसरा के साथ पहुंचा। वे दोनों 90 फीसदी दिव्यांग हैं। पिछले कई साल से दिव्यांगजन कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। इसके बावजूद उनको अभी तक ट्राई साइकिल व मोटराइज्ड ट्राई साइकिल नहीं दी गई है। इनके अतिरिक्त कई गांवों से आए दिव्यांगों ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने दिव्यांगजन कल्याण विभाग कार्यालय के अधिकारियों व कर्मियों पर समस्या लेकर जाने पर अभद्रता तक करने का आरोप लगाया। वहां हंगामा होता देखकर डीएम राजकमल यादव व मंत्री नरेंद्र कश्यप पहुंचे तथा दिव्यांगों के पास जमीन पर बैठकर समस्याएं सुनीं। वहां अधिकारियों को जल्द सभी की समस्याओं के निस्तारण का आदेश दिया।
--
नेशनल शूटर काट चुका चक्कर
जौहड़ी गांव के नेशनल शूटर नीरज करीब 70 फीसदी दिव्यांग हैं। वह कई साल जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी के कार्यालय के चक्कर काट चुके हैं। उनका आरोप है कि हर बार उन्हें कार्यालय से टरका दिया जाता है। वह एक महीने पहले कार्यालय में गए तो वहां उनसे अभद्रता कर धक्का दिया गया। उन्होंने भी डीएम से समस्या के समाधान कराने की मांग की।
दिव्यांगजन कल्याण विभाग में घोटाले का आरोप
असारा गांव के अमित, सरूपुर के राजेंद्र आदि ने बताया कि उन्होंने मोटराइज्ड ट्राई साइकिल के लिए आवेदन किया था। उनको हाथ वाली ट्राई साइकिल करीब ढाई साल पहले दी गई थी। अब उनको मोटराइज्ड ट्राई साइकिल देने के लिए बुलाया गया। कलक्ट्रेट में पहुंचने पर सूची में नाम होने के बाद भी कह दिया कि उनको मोटराइज्ड ट्राई साइकिल मिल गई है। उनका आरोप है कि इस तरह से उन पर मोटराइज्ड ट्राई साइकिल बताकर घोटाला किया जा रहा है। डीएम ने इस मामले में जांच कराने का आश्वासन दिया।
--
111 दिव्यांगों को ट्राई साइकिल व उपकरण वितरित किए गए
कलक्टे्रट लोकमंच में राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप व डीएम राजकमल यादव ने 56 मोटराईज्ड ट्राई साइकिल, 10 बैसाखी, 20 व्हीलचेयर, 15 कान की मशीन, नेत्रहीनों को 10 स्मार्ट कैन वितरित किए गए। मंत्री ने दिव्यांगों से बातचीत की तो डीएम ने उनकी समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही कैंप लगाने का आश्वासन दिया।