खेकड़ा। नगर के मोहल्ला अहिरान स्थित कंटेनमेंट जोन में सैंपल लेने गई टीम का लोगों ने विरोध किया। सूचना पर पहुंची पुलिस की सख्ती दिखाने पर टीम ने मोहल्ले के 33 लोगों के सैंपल लिए। उधर, एमएम डिग्री कालेज में चल रही अस्थाई जेल से भी 25 बंदियों के सैंपल लिए गए।
कोविड अस्पताल के प्रभारी चिकित्सक डा ताहिर ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम सोमवार को नगर के मोहल्ला अहिरान पहुंची तो लोगों ने सैंपल देने से इंकार कर दिया। सूचना नर नगर चौकी के दरोगा रणपाल सिंह, कुलदीप भाटी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया। इसके बावजूद लोग नहीं माने। इस पर पुलिस को सख्ती दिखानी पडी। इसके बाद लोग सैंपल देने के लिए तैयार हुए। टीम ने 33 लोगों के सैंपल लिए। इसके बाद पुलिस ने मोहल्ले की पूरी गली को सील करा दिया। इससे पूर्व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्थाई जेल से भी 25 बंदियों के सैंपल लिए। इससे पूर्व भी स्वास्थ्य विभाग की टीम यहां से 40 से अधिक बंदियों के सैंपल ले चुकी है।