लापता छात्र की बरामदगी के लिए तहसील में किया प्रदर्शन
खेकड़ा। मोहल्ला विजयनगर से लापता छात्र की बरामदगी को लेकर परिजनों के साथ मोहल्ले के लोगों ने खेकड़ा तहसील पर हंगामा कर प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस लापता छात्र को बरामद करने में लापरवाही बरत रही है। पीड़िताें ने एडीएम से मिलकर छात्र की जल्द बरामदगी की गुहार लगाई।
मंगलवार को विजयनगर निवासी पदम सिंह अपने परिजनों और मोहल्ले के लोगों के साथ खेकड़ा तहसील में पहुंचे और बेटे की बरामदगी को लेकर प्रदर्शन करने लगे। इसके बाद वह तहसील में मौजूद एडीएम अमित कुमार से मुलाकात की। इस दौरान पीड़ित पदक सिंह ने बताया कि उनका 13 वर्षीय बेटा अतुल जैन एकेडमी में 5वीं का छात्र है। 23 जनवरी की शाम वह खेलने के लिए घर से बाहर गया। इसके बाद वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला है। इसके बाद उन्होंने 24 जनवरी को खेकड़ा कोतवाली में अतुल की गुमशुदगी की तहरीर दी। लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। अब तक पुलिस ने उसकी बरामदगी भी नहीं की है। उन्होंने एडीएम अमित कुमार से लापता छात्र को बरामद कराए जाने की मांग की। एडीएम ने छात्र को जल्द बरामद कराने का आश्वासन दिया।