रविदास जयंती पर निकाली शोभायात्रा, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
बड़ौत। रविदास के 643वें जयंती के उपलक्ष्य में पट्टी मेहर स्थित रविदास धर्मशाला से शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा नगर होकर रविदास धर्मशाला पर समाप्त हुई। वहीं, लौहड्डा गांव की हरिजन चौपाल में भी रविदास जयंती पर रविवार की रात हरियाणवी गायिका मिस सोनी के भजनों पर श्रद्धालु झूमते दिखे।
शोभायात्रा का उद्घाटन विधायक केपी मलिक ने किया। मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद के चेयरमैन अमित राणा रहे। मीडिया प्रभारी हरबीर सिंह एडवोकेट ने बताया कि शोभायात्रा बैंड बाजों के साथ पट्टी मेहर रविदास धर्मशाला से चलकर कोताना रोड़, फूंस वाली मस्जिद, नेहरू मूर्ति, भगवान महावीर मार्ग, सारंग रोड़, नेहरू रोड़ होते हुए धर्मशाला पर समाप्त हुई। शोभायात्रा में रविदास, मीराबाई के साथ रविदास, की झांकियां लोगों का मन मोह रही थी। कार्यक्रम को सफल बनाने में साहब सिंह, महीपाल सिंह, सतेंद्र कुमार, आनंद कुमार, ऋषिपाल, चंद्रपाल, शिवकुमार, राजेश कुमार, नरेश, सोरभ, जितेंद्र, बेगराज, धर्मपाल का सहयोग रहा।
वहीं, लौहड्डा गांव में रविवार की रात संत शिरोमणी गुरु रविदास की जयंती पर हरिजन चौपाल में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसका शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी अमित तोमर लौहड्डा ने किया। उन्होंने कहा कि महान बनने के लिए किसी जाति धर्म से कोई लेना देना नहीं है। यह साबित संत शिरोमणी गुरु रविदास ने किया है। इस अवसर पर हरियाणा की प्रसिद्ध गायिका मिस सोनी के भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। कार्यक्रम का संचालन पंडित दिनेश तिवारी ने किया।