बड़ौत (बागपत)। बड़ौली गांव स्थित एक पब्लिक स्कूल में बुधवार की सुबह प्रार्थना सभा में देरी से पहुंचने पर एक छात्र की प्रधानाचार्य ने पिटाई कर दी। इससे छात्र के कान का पर्दा फट गया, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। बृहस्पतिवार को घायल छात्र के परिजनाें ने कोतवाली में प्रधानाचार्य के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बड़ौली गांव का रहने वाले देवेंद्र तोमर ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसका बेटा मोहित गांव के ही एक पब्लिक स्कूल में कक्षा 12 का छात्र है। बुधवार को वह विद्यालय में कुछ समय देरी से पहुंचा था। उस समय विद्यालय में प्रार्थना सभा चल रही थी। आरोप है कि प्रधानाचार्य ने उसे अपने पास बुलाया और डंडे से बेरहमी से पिटाई की। एक डंडा कान पर लगने से खून बहना शुरू हो गया। यह देख प्रधानाचार्य ने उसे धमकाते हुए स्कूल से भगा दिया। मोहित ने ने घर जाकर आपबीती बताई। परिजन उसे लेकर स्कूल पहुंचे। आरोप है कि प्रधानाचार्य ने उनके साथ भी अभद्रता की। बाद में मोहित को नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने बताया कि मोहित का कान का पर्दा फट चुका है। मरहम पट्टी के बाद बृहस्पतिवार को छात्र के परिजन अन्य लोगों के साथ कोतवाली पहुंचे और प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाल मगनवीर सिंह गिल ने बताया कि तहरीर पर जांच शुरू कर दी गई है।
उधर, प्रधानाचार्य ने आरोप निराधार बताए है। कहा कि जब छात्र से प्रार्थना सभा में देरी से पूछने के बारे में पूछा गया तो छात्र ने अभद्रता की। बाद में छात्र के परिजनों ने भी उनके साथ अभद्रता की। मारपीट जैसी कोई बात नहीं है। छात्र पर पूरे साल की फीस बकाया है, बकाया फीस न देने पर ऐसा किया है।